रिटायरमेंट के बाद अक्सर लोगों के रेगुलर इनकम का जरिया अचानक खत्म हो जाता है.समय के साथ बढ़ती महंगाई के बीच मंथली इनकम धीरे-धीरे कम होने लगती है. ऐसे में समझदारी इसी में है कि आप पहले से ही एक ऐसा प्लान तैयार रखें, जो बुढ़ापे में आपकी फिक्स्ड कमाई बंद न होने दे.आपको रिटायरमेंट के बाद पैसों की तंगी न हो इसके लिए कमाई के साथ-साथ सही समय पर सही जगह निवेश करना बेहद जरूरी है.
आपको ऐसी स्कीम में इन्वेस्ट करना हो जो कि आपको लॉन्ग टर्म में अच्छा रिटर्न दे. जिसमें रिटायरमेंट के बाद भी हर महीने एक फिक्स्ड पेंशन यानी कि एक फिक्स्ड इनकम आती रहे.अगर आप चाहते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी हर महीने आपकी पक्की कमाई होते रहे तो पोस्ट ऑफिस की पब्लिक प्रॉविडेंट फंड स्कीम (PPF Scheme) आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन हो सकती है.
अगर आपकी उम्र 30 साल भी है, तो अगले 25 सालों के लिए पोस्ट ऑफिस की पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) स्कीम में निवेश करके आप न सिर्फ करोड़ों रुपये का रिटायरमेंट फंड तैयार कर सकते हैं, बल्कि हर महीने की पक्की पेंशन का इंतजाम भी कर सकते हैं.चलिए जानते हैं कैसे PPF स्कीम में 15+5+5 के फॉर्मूले और कम्पाउंडिंग का जादू से तैयार होगा 1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड और इसके साथ हर महीने 50000 से ज्यादा इनकम चाहिए तो इसके लिए कितने साल तक कितने पैसे निवेश करना होगा.
PPF में मिलता है 7.1% का गारंटीड ब्याज
पोस्ट ऑफिस की PPF स्कीम सुरक्षित निवेश के मामले में सबसे बेस्ट मानी जाती है. इसमें आपको 7.1% का सालाना गारंटीड ब्याज मिलता है, जो पूरी तरह से रिस्क-फ्री है.इस स्कीम में ब्याज की कम्पाउंडिंग होती है, यानी आपको मूलधन के साथ-साथ ब्याज पर भी ब्याज मिलता है.
500 रुपए से शुरू कर सकते हैं निवेश, नहीं लगेगा कोई टैक्स
आप इसमें एक वित्त वर्ष में न्यूनतम 500 रुपए और अधिकतम 1.5 लाख रुपए तक जमा कर सकते हैं.PPF ई-ई-ई (EEE) कैटेगरी में आता है, यानी इसमें जमा राशि, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट तीनों पूरी तरह से टैक्स-फ्री होते हैं.
जानिए क्या है PPF का 15+5+5 फॉर्मूला?
PPF अकाउंट का लॉक-इन पीरियड 15 साल का होता है. लेकिन 15 साल पूरे होने के बाद आपके पास इसे आगे बढ़ाने का विकल्प होता है. इसी को 15+5+5 का फॉर्मूला कहते हैं.
- 15 साल का बेसिक पीरियड: सबसे पहले आप 15 साल तक लगातार निवेश करते हैं.
- पहला 5 साल का एक्सटेंशन: 15 साल पूरे होने पर आप अकाउंट को अगले 5 साल के लिए एक्सटेंड कर सकते हैं.
- दूसरा 5 साल का एक्सटेंशन: 20 साल पूरे होने पर इसे फिर से 5 साल के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है.
सिर्फ ब्याज से होगी 65.58 लाख रुपए की कमाई
अगर आप इस 25 साल की अवधि के दौरान हर साल 1.5 लाख रूपए का अधिकतम निवेश बनाए रखते हैं, तो आपका कुल निवेश 37.5 लाख रुपए होगा. 7.1% की दर से इस पर 65.58 लाख रुपए सिर्फ ब्याज से कमाई होगी और 25 साल बाद आपके पास कुल 1.03 करोड़ का मोटा फंड तैयार हो जाएगा.
हर महीने 61,000 रुपये की पेंशन कैसे मिलेगी?
25 साल पूरे होने पर ₹1.03 करोड़ के इस फंड को आपको निकालना नहीं है, बल्कि इसे अपने PPF अकाउंट में बनाए रखना है.इस 1.03 करोड़ की राशि पर आपको 7.1% के हिसाब से सालाना लगभग 7.31 लाख रुपए का ब्याज मिलेगा.इस ब्याज की राशि को अगर 12 महीनों में बांटें, तो यह हर महीने लगभग 60,941 यानी करीब 61,000 रुपए बैठती है.सबसे खास बात यह है कि आपका मूल 1.03 करोड़ का फंड सुरक्षित रहेगा और उससे मिलने वाले ब्याज से आपकी लाइफटाइम मंथली इनकम चालू हो जाएगी.
कौन खोल सकता है PPF अकाउंट , जानिए टैक्स और विड्रॉल बेनिफिट
कोई भी भारतीय नागरिक अपने नाम पर यह खाता बैंक या पोस्ट ऑफिस में खोल सकता है. बच्चों के नाम पर भी माता-पिता यह खाता खोल सकते हैं.
इसमें इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत हर साल 1.5 लाख रूपए तक के निवेश पर टैक्स छूट मिलती है.
PPF स्कीम में 15 साल से पहले पूरा पैसा नहीं निकाला जा सकता, हालांकि 7वें साल के बाद जरूरत पड़ने पर अधिकतम 50% तक पार्शियल विड्रॉल की सुविधा मिलती है.
ये भी पढ़ें- Post Office Scheme: पोस्ट ऑफिस की सुपरहिट स्कीम, बिना रिस्क हर महीने 5,000 रुपये बचाकर बनाएं 3.56 लाख का फंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं