विज्ञापन

दिल्ली में खत्म होगी टोल पर रुकने की झंझट, 156 टोल नाकों पर लागू होगा नया सिस्टम, जानिए क्या होंगे बदलाव

दिल्ली के 156 टोल नाकों पर जल्द ही गाड़ियों को बैरियर पर रुकने की जरूरत नहीं होगी. फास्टैग और कैमरों की मदद से टोल अपने आप कट जाएगा. इसके साथ ही नियम तोड़ने वालों पर पहले से ज्यादा सख्त कार्रवाई भी होगी.

दिल्ली में खत्म होगी टोल पर रुकने की झंझट, 156 टोल नाकों पर लागू होगा नया सिस्टम, जानिए क्या होंगे बदलाव
दिल्ली के 156 टोल पर लागू होगा नया सिस्टम
file photo

सोचिए, आप दिल्ली में गाड़ी चला रहे हैं और टोल प्लाजा सामने आते ही स्पीड कम करने या लंबी लाइन में लगने की जरूरत ही न पड़े. न बैरियर खुलेगा, न रुककर इंतजार करना होगा और न ही टोल देने की कोई अलग झंझट होगी. आपकी गाड़ी अपनी रफ्तार से आगे बढ़ती रहेगी और टोल अपने आप कट जाएगा. सुनने में ये किसी विदेशी शहर की व्यवस्था लग सकती है, लेकिन अब दिल्ली में भी ऐसा होने जा रहा है. दिल्ली नगर निगम ने राजधानी के सभी 156 टोल नाकों पर बैरियर रहित मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम लागू करने का फैसला किया है. नई तकनीक के लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम में कमी आने की उम्मीद है और रोज सफर करने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.

कैसे काम करेगी नई व्यवस्था?

नई व्यवस्था में टोल नाकों पर लगे कैमरे हर गुजरने वाली गाड़ी की नंबर प्लेट पढ़ेंगे. साथ ही फास्टैग की भी जांच होगी. अगर दोनों का रिकॉर्ड सही मिला, तो टोल अपने आप कट जाएगा और गाड़ी बिना रुके आगे निकल जाएगी. यानी बैरियर पर रुकने या नकद भुगतान की जरूरत नहीं पड़ेगी. नई व्यवस्था के साथ नियम भी सख्त किए जा रहे हैं. अगर कोई वाहन चालक गलत या खराब नंबर प्लेट का इस्तेमाल करता है या टोल कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करता है, तो उससे सामान्य टोल शुल्क का पांच गुना तक जुर्माना वसूला जा सकता है. पहले ऐसे मामलों में अधिकतम महज 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाता था.

कमर्शियल व्हीकल्स के लिए भी बदलाव

अब ट्रक, बस और दूसरे कमर्शियल व्हीकल्स का बेसिक टोल हर साल 5 प्रतिशत बढ़ेगा. यानी हर साल इन्हें पहले से थोड़ा ज्यादा टोल देना होगा. आगे जरूरत पड़ने पर बड़े ट्रकों के टोल में भी बदलाव किया जा सकता है.

लोगों को क्या होगा फायदा?

नई व्यवस्था लागू होने के बाद टोल नाकों पर रुकने का समय कम होगा और लंबी कतारों से राहत मिलने की उम्मीद है. इससे सफर तेज होगा, पेट्रोल-डीजल की भी बचत होगी और टोल वसूली पहले के मुकाबले ज्यादा पारदर्शी बन सकेगी. दिल्ली नगर निगम का मानना है कि इससे राजधानी के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा.

यह भी पढ़ें:- न धुआं, न प्रदूषण... 120 की रफ्तार से दौड़ेगी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, ट्रायल पूरा, जानें किराया-रूट और खासियत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Toll Plaza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com