अमेरिका में सपना पूरा हो गया था. अच्छी नौकरी थी, अपना घर था, शानदार कार थी, छुट्टियां थीं और इनवेस्टमेंट के लिए दूसरी प्रॉपर्टी भी. बाहर से देखने पर सबकुछ परफेक्ट लग रहा था. लेकिन एक दिन जब इस भारतीय NRI कपल ने अपने बैंक अकाउंट, लोन और क्रेडिट कार्ड का पूरा हिसाब जोड़ा तो पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्हें पता चला कि आरामदायक जिंदगी की दौड़ में वे अनजाने में 8.4 करोड़ रुपये के कर्ज के नीचे दब चुके हैं. अब उनकी यही कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे 'अमेरिकन ड्रीम का दूसरा चेहरा' बता रहे हैं.
हर नई खुशी के साथ जुड़ती गई एक नई EMI
सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि इस कपल को लंबे समय तक अंदाजा ही नहीं हुआ कि वे कर्ज के पहाड़ पर खड़े हैं. जिंदगी आराम से चल रही थी, सैलरी आ रही थी और खर्च भी होते जा रहे थे. नया घर, नई कार, शानदार छुट्टियां और बेहतर लाइफस्टाइल की चाह में एक के बाद एक फैसले होते गए. लेकिन हर खुशी के साथ एक नई EMI भी जुड़ती चली गई. जब दोनों ने अपने फाइनेंस का पूरा हिसाब लगाया तो सामने आया ऐसा आंकड़ा, जिसने उन्हें ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया.
जब सामने आया 8.4 करोड़ का आंकड़ा
एक दिन दोनों ने अपने फाइनेंस की पूरी तस्वीर देखने का फैसला किया. तब उन्हें पता चला कि उन पर कुल 8,50,000 डॉलर यानी करीब 8.4 करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है. ये रकम होम लोन, इन्वेस्ट प्रॉपर्टी लोन, किचन रिनोवेशन लोन और क्रेडिट कार्ड बकाया को मिलाकर बनी थी. कर्ज का ब्योरा भी काफी हैरान करने वाला था. इसमें 4 लाख डॉलर का होम लोन, 2.7 लाख डॉलर का इन्वेस्टमेंट प्रॉपर्टी लोन, 1.5 लाख डॉलर का रिनोवेशन लोन और 30 हजार डॉलर का क्रेडिट कार्ड कर्ज शामिल है.
अब 1200 दिनों में कर्ज खत्म करने का टारगेट
सबसे दिलचस्प बात ये है कि कपल ने हार मानने के बजाय नई शुरुआत करने का फैसला किया है. उन्होंने अगले 1200 दिनों यानी करीब 3.3 साल में पूरी तरह कर्ज मुक्त बनने का लक्ष्य रखा है. उनकी पोस्ट को हजारों लोगों ने देखा और इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी. कई यूजर्स ने उनकी ईमानदारी और हिम्मत की तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने इतने बड़े कर्ज को चुकाने की प्लानिंग पर सवाल भी उठाए. लेकिन फिलहाल ये कहानी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है और लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है कि कभी-कभी बड़े झटके अचानक नहीं, बल्कि धीरे-धीरे आते हैं.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
यह भी पढ़ें: ट्रेन के इंजन में घुसा अजगर का बच्चा, रेलवे की सूझबूझ से किया गया रेस्क्यू, वीडियो हो रहा वायरल
यह भी पढ़ें: VIDEO: मोबाइल फोन छीनकर भाग रहा था चोर, और आ गया हॉर्ट अटैक, ऑन द स्पॉद हुई डेथ!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं