नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सफर पहले से ज्यादा आसान हो गया है. सोमवार, 15 जून 2026 से 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है. हालांकि, ई-बस सेवा की शुरुआत पहले हो चुकी थी, लेकिन अब नोएडा प्राधिकरण ने कुछ स्टॉपेज हटाने और कुछ नए स्टॉपेज जोड़ने के बाद बसों के रूट नए सिरे से जारी किए हैं. आइए एक नजर डालते हैं इनपर-
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ई-बसों की नई रूट लिस्ट जारी
रूट नंबर 1- बॉटनिकल गार्डन से परी चौकयह बस गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, परथला, गौर चौक, ग्रेटर नौएडा वेस्ट (एक मूर्ति गोलचक्कर), सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए परी चौक पहुंचेगी.
रूट नंबर 2- बॉटनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्टयह रूट सेक्टर-44 छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे, परी चौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और रबूपुरा से होकर जेवर एयरपोर्ट तक जाएगा. एयरपोर्ट जाने वालों के लिए यह सबसे उपयोगी रूट माना जा रहा है.
रूट नंबर 3- बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेटयह बस सेक्टर-37 अंडरपास से छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75, नॉर्थ आई चौक, सेक्टर-116, सेक्टर-78, सैमसंग फेज-2, फूल मंडी और कुलेसरा से होकर चलेगी.
रूट नंबर 4- बॉटनिकल गार्डन से नया बस अड्डा गाजियाबादइस रूट में गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साईं मंदिर, सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार और आरआरटीएस स्टेशन गाजियाबाद शामिल हैं.
रूट नंबर 5- बॉटनिकल गार्डन से आनंद विहार बस स्टेशनयह बस सेक्टर-16, नोएडा प्रवेश द्वार, सेक्टर-14ए, अक्षरधाम और कौशांबी होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी.
आज, दिनांक 15 जून 2026 से नौएडा- ग्रे०नौएडा-जेवर में 100 ई-बसों का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
— NOIDA Authority (@noida_authority) June 15, 2026
नौएडा क्षेत्र से विभिन्न मार्गों पर सिटी ई-बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें बॉटनिकल गार्डन से परी चौक (ग्रेटर नोएडा), जेवर एयरपोर्ट, सूरजपुर कलेक्ट्रेट, नया बस अड्डा गाजियाबाद… pic.twitter.com/NCdDGj3mJS
कितना होगा किराया?
ई-बसों का किराया आम लोगों को ध्यान में रखकर तय किया गया है. न्यूनतम किराया 20 रुपये रखा गया है. मध्यम दूरी के लिए यात्रियों को 30 रुपये देने होंगे, जबकि अधिकतम किराया 50 रुपये तय किया गया है. यानी अब लोगों को कम खर्च में आरामदायक सफर मिलेगा.
वहीं, पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने के कारण ये बसें प्रदूषण मुक्त हैं. इससे वायु और ध्वनि प्रदूषण कम होगा. साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी और ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- WhatsApp, Facebook या Instagram हैक हो जाए तो क्या करें? दिल्ली पुलिस ने बताया आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं