Indian Railways: अगर आप आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच अक्सर सफर करते हैं तो ये खबर आपके लिए काफी जरूरी है. रेल मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच यात्रा को आसान बनाने के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेनों को मंजूरी दी है. इससे यात्रियों का सफर करना बहुत ही ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगा. माना जा रहा है कि इन नई ट्रेनों के शुरू होने से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के प्रमुख शहरों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, छात्रों और नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. आइए जानते हैं इन ट्रेनों के बारे में...
यह भी पढ़ें: Aadhaar Card को कैसे कर सकते हैं लॉक और अनलॉक? यहां जान लें पूरा स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
चारलापल्ली-नरसापुर-चारलापल्ली वीकली एक्सप्रेस ट्रेन
दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) के अनुसार, चारलापल्ली-नरसापुर-चारलापल्ली वीकली एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17061/17062) को शुरू करने की मंजूरी दी गई है. यह ट्रेन पहले चल रही स्पेशल ट्रेन (07061/07062) को नियमित रूप से चलाने के तहत शुरू की जा रही है.
ट्रेन नंबर 17061 चारलापल्ली-नरसापुर एक्सप्रेस हर शनिवार को चलेगी, जबकि 17062 नरसापुर-चारलापल्ली एक्सप्रेस रविवार को संचालित होगी. इस ट्रेन की पहली सेवा 2 मई से शुरू होगी. चारलापल्ली से यह ट्रेन शाम 7:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजे नरसापुर पहुंचेगी. रास्ते में यह ट्रेन नलगोंडा, गुंटूर, विजयवाड़ा, गुडीवाड़ा, कैकालूर, अकिवीडु, भीमावरम टाउन, वीरवासरम और पालाकोल्लु स्टेशनों पर रुकेगी. वापसी में यह ट्रेन नरसापुर से रात 8 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:50 बजे चारलापल्ली पहुंचेगी. इस ट्रेन में 2ए, 3ए, स्लीपर और जनरल सेकेंड क्लास कोच होंगे.
नरसापुर-तिरुपति-नरसापुर वीकली एक्सप्रेस
इसके अलावा, नरसापुर-तिरुपति-नरसापुर वीकली एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 17428/17427) को भी मंजूरी मिली है. यह ट्रेन पहले चल रही स्पेशल सेवा (07131/07132) को नियमित करेगी. ट्रेन नंबर 17428 नरसापुर-तिरुपति हर सोमवार को चलेगी, जबकि 17427 तिरुपति-नरसापुर एक्सप्रेस रविवार को संचालित होगी. यह सेवा 27 अप्रैल से शुरू होगी. नरसापुर से ट्रेन दोपहर 3:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:40 बजे तिरुपति पहुंचेगी. यह ट्रेन पालाकोल्लु, भीमावरम जंक्शन, भीमावरम टाउन, अकिवीडु, कैकालूर, गुडीवाड़ा, विजयवाड़ा, तेनाली, चिराला, ओंगोल, नेल्लोर और रेनीगुंटा स्टेशनों पर रुकेगी. तिरुपति से वापसी सेवा 3 मई को रात 10:10 बजे शुरू होगी और अगली सुबह 9:30 बजे नरसापुर पहुंचेगी.

इंदौर-लिंगमपल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस को भी मंजूरी
रेलवे बोर्ड ने इंदौर-लिंगमपल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस (20916/20915) को चारलापल्ली तक बढ़ाने की मंजूरी दी है. यह बदलाव 25 अप्रैल से लागू होगा. इंदौर से यह ट्रेन शनिवार सुबह 11:15 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 2:15 बजे चारलापल्ली पहुंचेगी. वापसी में चारलापल्ली से रविवार रात 8:45 बजे चलकर मंगलवार रात 12:15 बजे इंदौर पहुंचेगी.
काकीनाडा टाउन-लिंगमपल्ली एक्सप्रेस
इसके अलावा, काकीनाडा टाउन-लिंगमपल्ली एक्सप्रेस (12775/12776) की आवृत्ति को सप्ताह में तीन दिन से बढ़ाकर दैनिक कर दिया गया है, जो 21 अप्रैल से लागू होगा. इस ट्रेन का समलकोट स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं