विज्ञापन

कांवड़ यात्रा 2026: डीजे चलाने को लेकर जारी हुई नई गाइडलाइन, इन नियमों का पालन करना होगा जरूरी

कांवड़ यात्रा 2026 शुरू होने से पहले मेरठ जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और माहौल शांतिपूर्ण बना रहे, इसके लिए प्रशासन ने करीब 250 डीजे ऑपरेटरों के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में डीजे चलाने से जुड़े जरूरी नियम बताए गए. साथ ही साफ कहा गया कि अगर कोई नियम तोड़ेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कांवड़ यात्रा 2026: डीजे चलाने को लेकर जारी हुई नई गाइडलाइन, इन नियमों का पालन करना होगा जरूरी
कांवड़ यात्रा में डीजे चलाने से पहले जान लें ये नियम, वरना हो सकती है कार्रवाई
(P.C- NDTV)

हर साल लाखों श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं. ऐसे में यात्रा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए मेरठ जिला प्रशासन और पुलिस ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके लिए प्रशासन ने करीब 250 डीजे ऑपरेटरों के साथ एक अहम बैठक की. इस बैठक में डीजे चलाने से जुड़े सभी जरूरी नियम बताए गए और सभी से इनका पालन करने की अपील की गई. अधिकारियों ने साफ कहा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी डीजे ऑपरेटरों को तय नियमों का पालन करना होगा. अगर कोई नियम तोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

डीजे ऑपरेटरों के लिए जारी हुए ये नियम

डीजे का साइज तय

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाला डीजे सेटअप 12 फीट से ज्यादा ऊंचा और 10 फीट से ज्यादा चौड़ा नहीं होना चाहिए. अगर कोई इससे बड़ा डीजे लगाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो और रास्ते में कोई परेशानी न आए.

तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं

प्रशासन ने यह भी साफ किया कि डीजे की आवाज सरकार की तय डेसिबल सीमा के अंदर ही होनी चाहिए. बहुत तेज आवाज में डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी. इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है और यह नियमों के खिलाफ भी है. इसलिए सभी ऑपरेटरों को आवाज की तय सीमा का पालन करने के लिए कहा गया.

अश्लील गाने और भड़काऊ नारे नहीं चलेंगे

बैठक में अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अश्लील गाने, आपत्तिजनक बातें, भड़काऊ नारे या ऐसा कोई भी गाना या घोषणा नहीं चलाई जाएगी जिससे किसी धर्म या समुदाय की भावनाएं आहत हों. 

सड़क पर नहीं लगेगा जाम

अधिकारियों ने डीजे ऑपरेटरों को यह भी समझाया कि उनके वाहन या किसी तरह का अस्थायी ढांचा सड़क पर रुकावट नहीं बनना चाहिए. डीजे की वजह से ट्रैफिक जाम नहीं लगना चाहिए और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. अगर कोई जानबूझकर सड़क रोकने या ट्रैफिक नियम तोड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

अफवाहों से रहें दूर, तुरंत पुलिस को दें जानकारी

प्रशासन ने सभी डीजे ऑपरेटरों से कहा कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से मिलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें. अगर कोई गलत या भड़काऊ जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें. सभी ऑपरेटरों को अपने क्षेत्र के अधिकारियों और नजदीकी पुलिस थाने के संपर्क में रहने की भी सलाह दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके.

यह भी पढ़ें- इमरजेंसी में 20 मिनट के अंदर पहुंचेगी एंबुलेंस, सरकार ने जारी की नई NAS गाइडलाइन, जान लें अपने मतलब की बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kawar Yatra, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com