विज्ञापन

अब बंद मकानों की रखवाली करेगी पुलिस, इस शहर में शुरू हुई नई व्यवस्था

उत्तर प्रदेश में गोरखपुर पुलिस ने चोरी रोकने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है. बाहर जाने वाले लोग घर बंद होने की सूचना पुलिस को दे सकते हैं, जिसके बाद पुलिस और गश्ती दल मकान की निगरानी करेंगे.

अब बंद मकानों की रखवाली करेगी पुलिस, इस शहर में शुरू हुई नई व्यवस्था
पुल‍िस ने शुरू की अनूठी पहल.
Ndtv

Gorakhpur Police Initiative : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने एक नई व्यवस्था शुरू की है. हाल के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें चोरों ने लंबे समय तक बंद पड़े मकानों को निशाना बनाया. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गोरखपुर पुलिस ने अब खाली घरों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. पुल‍िस के अनुसार इस तरह से एर‍िया में चोरी की वारदातों को काफी हद तक कम क‍िया जा सकेगा. 

घर बंद करने से पहले पुलिस को दें सूचना

नई व्यवस्था के तहत अगर कोई परिवार छुट्टियों, शादी-विवाह या किसी दूसरे कारण से कई दिनों के लिए घर बंद कर बाहर जा रहा है, तो वह इसकी जानकारी अपने संबंधित थाने, पुलिस चौकी या बीट कांस्टेबल को दे सकता है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ऐसे मकानों को खास निगरानी लिस्ट में शामिल करेगी और गश्त के दौरान उन पर नजर रखेगी. इस पहल का मकसद चोरी की घटनाओं को रोकना और लोगों को सुरक्षा का भरोसा देना है.

चोर बंद मकानों को बना रहे थे निशाना

पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में चोरी की कई वारदातों का एक समान पैटर्न सामने आया है. चोर पहले इलाके की रेकी करते हैं और फिर ऐसे मकानों को निशाना बनाते हैं, जिन पर कई दिनों से ताला लगा होता है. घर में किसी की मौजूदगी न होने का फायदा उठाकर वे चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं. इसी समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने यह नई पहल शुरू की है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ समय रहते कार्रवाई की जा सके.

जागरूकता अभियान भी शुरू

इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए गोरखपुर पुलिस ने शहर की कॉलोनियों और मोहल्लों में जागरूकता अभियान भी शुरू कर दिया है. ऑटो और ई-रिक्शा पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को जानकारी दी जा रही है कि घर खाली छोड़ने से पहले पड़ोसियों और पुलिस को इसकी सूचना जरूर दें. इसके अलावा व्हाट्सएप ग्रुप और स्थानीय स्तर पर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें.

पुलिस अधिकारियों की निगरानी में रहेगी सुरक्षा

नई व्यवस्था के तहत जिन मकानों की जानकारी पुलिस को दी जाएगी, वहां संबंधित चौकी प्रभारी, बीट अधिकारी और गश्ती दल नियमित निगरानी रखेंगे. इससे चोरी की आशंका कम होगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी. एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि हाल के दिनों में चोर खासतौर पर उन घरों को निशाना बना रहे हैं, जिनके मालिक छुट्टियों या दूसरे कारणों से बाहर गए हुए हैं. इसी को देखते हुए पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि घर छोड़कर बाहर जाने से पहले इसकी सूचना पुलिस को जरूर दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा सके. पुलिस का मानना है कि इस पहल से लोग बेफिक्र होकर यात्रा कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें:- आजादपुर से आश्रम चौक तक सिग्नल फ्री सफर, यमुना पर दो नए पुल, दिल्‍ली में बनेगा 80 KM लंबा एलिवेटेड रोड कॉरिडोर, जानिए पूरा प्लान

लेखक के बारे में
img
अनु चौहान
न्यूज एडिटर
अनु चौहान एनडीटीवी में न्‍यूज एडिटर के पद पर कार्यरत मीडिया और पत्रकारिता जगत की एक अनुभवी और सशक्त हस्ती हैं. लगभग 24 वर्षों के अपने व्यापक करियर में... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Utililty News, Gorakhpur News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com