New Delhi Railway Station: अगर आप नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अक्सर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. आने वाले समय में यहां से चलने वाली कई ट्रेनों के स्टेशन बदलने वाले हैं. रेलवे करीब 30 ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों से चलाने की तैयारी कर रहा है. इसका सीधा असर लाखों यात्रियों पर पड़ेगा, इसलिए पहले से जानकारी रखना जरूरी है.
क्यों किया जा रहा है बदलाव?
दरअसल, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बड़े स्तर पर पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) का काम शुरू हो चुका है. यह काम करीब चार साल तक चलेगा. स्टेशन को आधुनिक बनाने के लिए प्लेटफॉर्म, बिल्डिंग और अन्य सुविधाओं को नया रूप दिया जाएगा. इस दौरान भीड़ कम करने के लिए ट्रेनों की संख्या घटानी जरूरी है, इसलिए कुछ ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर शिफ्ट किया जा रहा है.
किन ट्रेनों का बदलेगा स्टेशन?योजना के अनुसार कई प्रमुख ट्रेनों के स्टेशन बदले जाएंगे.
- रानी कमलापति जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12001-02) अब हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से चल सकती है.
- ताज एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12279-80) और डॉक्टर आंबेडकर नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20155-56) को भी निजामुद्दीन भेजने की योजना है.
- इसके अलावा पूर्वा एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस और बनारस जाने वाली ट्रेनें शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन से चलाई जा सकती हैं.
- बरौनी और दरभंगा की कुछ स्पेशल ट्रेनें सफदरजंग रेलवे स्टेशन से चलेंगी.
- देहरादून और काठगोदाम शताब्दी को आनंद विहार टर्मिनल शिफ्ट करने की तैयारी है.
- प्रयागराज जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस भी आनंद विहार से चल सकती है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर नई दिल्ली स्टेशन पर बहुत ज्यादा भीड़ हो जाती है. इसी को देखते हुए इस योजना को त्योहारों से पहले लागू किया जा सकता है, ताकि यात्रियों को परेशानी कम हो.
ऐसे में अगर आप भी अक्सर नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेन से सफर करते हैं, तो यात्रा से पहले नया स्टेशन जरूर चेक करें. इससे आपको आखिरी समय में भागदौड़ से बचने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज भारी जाम के चांस: शाम 5 बजे के बाद इन सड़कों पर बढ़ेगी भीड़, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं