विज्ञापन

Muharram Traffic Advisory: आज दिल्ली के कई रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर मोहर्रम जुलूस को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आज दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित रहेगी. आइए जानते हैं-

Muharram Traffic Advisory: आज दिल्ली के कई रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी लिस्ट
Muharram जुलूस को लेकर Delhi Traffic Police ने जारी की एडवाइजरी
(P.C- NDTV)

अगर आप आज यानी 26 जून 2026 को दिल्ली में कहीं आने-जाने का प्लान कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. मोहर्रम जुलूस के कारण राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और रूट बदलने की व्यवस्था की गई है. इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों से बचें, पहले से अपनी यात्रा का प्लान बनाकर निकलें और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक प्रभावित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 26 जून को कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित रहेगी. इनमें-

  • मेहरौली-बदरपुर रोड (एमबी रोड)
  • पंखा रोड
  • डाबड़ी-पालम रोड
  • जीटीके रोड और
  • जामा मस्जिद, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, पहाड़गंज, झंडेवाला, इंदरलोक, शास्त्री नगर और बड़ा हिंदू राव जैसे सेंट्रल दिल्ली के इलाके शामिल हैं.
  • इसके अलावा आउटर सर्कल, संसद मार्ग, रफी मार्ग, सुनेहरी बाग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और तुगलक रोड पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा.
सेंट्रल दिल्ली में दोपहर से रात तक रहेगा असर

सेंट्रल दिल्ली में दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. बृजमोहन चौक, जामा मस्जिद गेट नंबर-1, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, झंडेवाला, पहाड़गंज, इंदरलोक, शास्त्री नगर, कमल टी-पॉइंट और बड़ा हिंदू राव पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को दूसरी तरफ मोड़ा जाएगा. इस दौरान इंदरलोक मेट्रो स्टेशन से जखीरा अंडरपास की ओर वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी.

नई दिल्ली और दूसरी सड़कों पर भी रहेगा असर

नई दिल्ली इलाके में शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक आउटर सर्कल, संसद मार्ग, रफी मार्ग, रेल भवन, सुनेहरी बाग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और तुगलक रोड पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे.

मेहरौली-बदरपुर रोड (MB रोड) पर डायवर्जन
  • बदरपुर से खानपुर और साकेत जाने वाले वाहनों को हमदर्द टी-पॉइंट से गुरु रविदास मार्ग के रास्ते भेजा जाएगा.
  • गुरु रविदास मार्ग से साकेत की ओर आने वाले वाहनों को हमदर्द टी-पॉइंट से वापस बदरपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
  • साकेत से बदरपुर जाने वाले वाहनों को खानपुर टी-पॉइंट से लाल बहादुर शास्त्री मार्ग होते हुए चिराग दिल्ली की ओर भेजा जाएगा.
  • चिराग दिल्ली और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से MB रोड की तरफ आने वाले वाहनों को खानपुर टी-पॉइंट से साकेत की ओर मोड़ दिया जाएगा.
इन सड़कों पर तय समय तक रहेगा बदलाव
  • पंखा रोड पर दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक सागरपुर टी-पॉइंट से उत्तम नगर चौक के बीच आधी सड़क बंद रहेगी.
  • वहीं, डाबड़ी-पालम रोड पर दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक पालम फ्लाईओवर से एमटीएनएल कार्यालय के पास करबला तक आधे हिस्से पर ट्रैफिक बंद रहेगा.
  • जीटीके रोड पर शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक आजादपुर चौक से मुकरबा चौक के बीच कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. इस दौरान आजादपुर मंडी जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को भी इस मार्ग से प्रवेश नहीं मिलेगा.

घर से निकलने से पहले करें यह काम

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें. अगर संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और एक्स्ट्रा समय लेकर घर से निकलें. इससे आप ट्रैफिक जाम से बच सकेंगे और मोहर्रम जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.

यह भी पढ़ें- LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी, PNG लेने के बाद भी दोबारा मिल सकेगा गैस कनेक्शन, जान लें नए नियम
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com