Mother's Day 2026: आज यानी 10 मई को मातृ दिवस यानी Mother's Day मनाया जा रहा है. यह दिन मई महीने के दूसरे रविवार को मनाया जाता है. इस खास मौके पर हर मां के लिए अपने बच्चे के सुरक्षित और खुशहाल भविष्य की योजना बनाना सबसे बड़ा तोफहा है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र और राज्य सरकारें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना समेत ऐसी कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं जो आर्थिक मदद तो देती ही हैं साथ में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी खास सुविधा देती हैं. इसी कड़ी में आज हम ऐसी 5 योजनाओं के बारे में बताने जा रहे हैं जिसके बारे में हर मां को जरूर पता होना चाहिए...
1. सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भारत सरकार की एक बेहद भरोसेमंद सेविंग स्कीम है, जिसका मुख्य उद्देश्य बेटी की शिक्षा और विवाह के लिए फाइनेंशियल सिक्योरिटी प्रदान करना है. इस योजना में फिलहाल 2026 के अनुसार 8.2 प्रतिशत का ब्याज दर मिलता है, जो सामान्य बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट से कहीं ज्यादा है. इसमें माता‑पिता या अभिभावक एनुअली मिनिमम 250 रुपये और मैक्सीमम 1.5 लाख रुपये तक की राशि जमा कर सकते हैं, जिससे लंबी अवधि में बेटी के लिए अच्छा‑खासा फंड तैयार हो जाता है.
यह भी पढ़ें: Mother's Day 2026 : हर बच्चे को मां को देनी चाहिए फाइनेंशियल सिक्युरिटी, इन 5 इन्वेस्टमेंट का दें तोहफा
2. सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 (Poshan 2.0)
सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 सरकार का एक प्रमुख और व्यापक पोषण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को बेहतर बनाना और कुपोषण की समस्या को खत्म करना है. इस योजना के तहत 6 साल तक के बच्चों के साथ‑साथ गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौष्टिक भोजन, समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जाती है, ताकि मां और शिशु स्वास्थ्य में सुधार हो सके और बच्चों की मजबूत नींव तैयार की जा सके.

3. जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK)
जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) एक महत्वपूर्ण सरकारी योजना है, जिसका उद्देश्य नवजात शिशुओं (0 से 1 साल तक) को पूरी तरह मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में बीमार नवजात बच्चों का इलाज बिना किसी खर्च के किया जाता है. JSSK के अंतर्गत दवाइयां, जरूरी जांच, खून, इलाज के दौरान होने वाला पूरा खर्च और अस्पताल से घर और घर से अस्पताल आने‑जाने के लिए एम्बुलेंस सेवा तक सरकार मुफ्त में उपलब्ध कराती है, ताकि पैसे की कमी के कारण किसी भी बच्चे के इलाज में बाधा न आए.
4. मिशन इंद्रधनुष
मिशन इंद्रधनुष देश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियानों में से एक है, जिसका उद्देश्य उन बच्चों तक समय पर टीके पहुंचाना है जिनका टीकाकरण किसी कारण से अधूरा रह गया है. इस अभियान के तहत सरकार यह सुनिश्चित करती है कि बच्चे को टीकाकरण की पूरी सुविधा मिले. मिशन इंद्रधनुष के माध्यम से बच्चों को पोलियो, खसरा, तपेदिक, डिप्थीरिया, काली खांसी, निमोनिया समेत 12 से अधिक गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए मुफ्त टीके दिए जाते हैं.
5. बालशक्ति पुरस्कार (Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar)
बालशक्ति पुरस्कार, को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar) कहा जाता है. यह उन बच्चों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जो कम उम्र में ही किसी खास क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हैं. यह पुरस्कार इनोवेशन, समाज सेवा, खेल, कला और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को दिया जाता है. इसके तहत बच्चे को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, एक मेडल और सर्टिफिकेट दिया जाता है.
यह भी पढ़ें: मां बनने वाली हैं तो सरकार की इन 5 स्कीम का उठाइए फायदा, मिलेगी आर्थिक मदद, फ्री इलाज और सुरक्षित डिलीवरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं