IRCTC New Website interface: भारतीय रेलवे (Indian Railways) से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है. दरअसल, आईआरसीटीसी (IRCTC) ने अपनी नई और बेहद आधुनिक बीटा (Beta) वेबसाइट ([https://www.irctc.co.in/eticket/](https://www.irctc.co.in/eticket/)) को लाइव कर दिया है. इस बड़े अपग्रेड का मुख्य उद्देश्य खासकर सुबह तत्काल बुकिंग और व्यस्त समय (Peak Hours) के दौरान होने वाली सर्वर क्रैश, एरर और धीमी स्पीड की समस्या को हमेशा के लिए खत्म करना है.
नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) तकनीक के जुड़ने से अब इस वेबसाइट की क्षमता में बहुत ही ज्यादा सुधार हुआ है. यह पोर्टल अब प्रति मिनट 1.5 लाख से अधिक टिकट बुक करने में पूरी तरह सक्षम है, जो पहले केवल 32,000 टिकट प्रति मिनट तक ही सीमित थी.

नई वेबसाइट का लुक और यूजर इंटरफेस (Modern Layout)
पुरानी वेबसाइट के मुकाबले नई बीटा वेबसाइट का यूजर एक्सपीरियंस काफी बेहतर और यूजर फ्रेंडली बनाया गया है. यह देखने में सिंपल लेआउट के साथ काफी क्लीन है. इसका लुक बेहद आधुनिक, साफ-सुथरा और स्पेसियस है, जिससे यात्रियों को ट्रेन ढूंढने में कोई परेशानी नहीं होती. इसके साथ ही इस साइट को विज्ञापन और पॉपअप से मुक्ति बनाया गया है. टिकट बुक करते समय बीच में आने वाले बेवजह के कमर्शियल विज्ञापन, फ्लैशिंग ग्राफिक्स और बार बार परेशान करने वाले पॉपअप को अब पूरी तरह से हटा दिया गया है. इसके अलावा, वेबसाइट पर विजिबिलिटी का खास ध्यान रखा गया है. लार्जर फॉन्ट और कलर कोडिंग की वजह से ट्रेनों की लंबी लिस्ट को आसानी से समझा जा सकता है, जिससे सीट की उपलब्धता (Available/WL) एक नजर में समझ आ जाती है.

पेज पर मौजूद हैं ये मुख्य ऑप्शन्स और एडवांस्ड फीचर्स
इस हाईटेक पोर्टल में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जो आपका काफी समय बचाएंगे, जैसे सिंगल स्क्रीन पर ही सभी श्रेणियों की उपलब्धता की जानकारी मिल जाती है. यानी अब अब आपको Sleeper, 3AC, या 2AC की उपलब्ध सीटों की जानकारी देखने के लिए अलग-अलग टैब पर बार-बार क्लिक नहीं करना पड़ेगा. सभी क्लासेज की सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर एक साथ दिखाई देगी. इस साइट पर मौजूद फेयर कैलेंडर की मदद से से आप अलग-अलग तारीखों के टिकट के किरायों की तुलना एक साथ कर सकते हैं, जिससे यात्रा के लिए सबसे सस्ता दिन चुनना आसान हो जाता है. यात्रियों की सुविधा के लिए इस साइट से गैर जरूरी कैप्चा को भी हटा दिया गया है. यानी अब सामान्य और नियमित बुकिंग के दौरान बार-बार कैप्चा वेरिफिकेशन डालने का झंझट लगभग खत्म कर दिया गया है. इससे तत्काल टिकट अब महज कुछ ही मिनटों में आसानी से बुक हो सकेंगे. इस साइट पर बुकिंग के दौरान ही यात्री अपनी पसंद की सीट या बर्थ, जैसे लोअर, मिडिल, अपर या साइड लोअर का विकल्प अधिक सटीकता से चुन सकते हैं. यह पोर्टल देश की कई प्रमुख भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है. साथ ही दिव्यांग, छात्रों और मरीजों के लिए मिलने वाली रियायती बुकिंग को अब एक ही यूनिफाइड सिस्टम के तहत ला दिया गया है.

टिकट बुकिंग की नई और छोटी प्रक्रिया (Step by Step Process)
पोर्टल के री-डिजाइन होने के बाद अब टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से काफी छोटी यानी मात्र 5 से 6 स्टेप्स की हो गई है. इसके लिए आपको कोई नया अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं है, आपका पुराना आईडी और पासवर्ड ही इस पर काम करेगा. टिकट बनाने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगा.
- स्टेप 1: लॉगिन करें: वेबसाइट के टॉप राइट कॉर्नर में दिए 'Login' बटन पर जाएं और अपना मौजूदा यूजरनेम व पासवर्ड दर्ज करें.
- स्टेप 2: यात्रा सर्च करें: होमपेज के Enquiry बॉक्स में स्टेशनों का नाम ('From' और 'To'), यात्रा की तारीख (Date) और कोटा (जैसे General या Tatkal) चुनें, फिर 'Search Trains' पर क्लिक करें.
- स्टेप 3: ट्रेन और क्लास चुनें: आपके रूट की सभी ट्रेनों की लिस्ट कार्ड फॉर्मेट में खुल जाएगी. एक ही स्क्रीन पर सभी क्लासेज की सीट उपलब्धता चेक करें और अपनी पसंदीदा क्लास के नीचे 'Book' पर क्लिक करें.
- स्टेप 4: यात्री विवरण (Passenger Details) भरें: यात्रियों का नाम, उम्र और जेंडर डालें. खास बात यह है कि वेबसाइट अब आपके 'Saved Details' को सुरक्षित रखेगी, जिससे दोबारा बुकिंग करते समय बार बार नाम टाइप नहीं करना पड़ेगा. यहीं पर अपनी सीट प्रेफरेंस भी सिलेक्ट करें.
- स्टेप 5: फास्ट चेकआउट और पेमेंट: भुगतान के लिए यूपीआई (UPI) और IRCTC iPay को सीधे बुकिंग फ्लो के साथ जोड़ा गया है. अपना पसंदीदा माध्यम चुनें और पेमेंट पूरा करते ही आपका कंफर्म टिकट तुरंत बुक हो जाएगा.
यह भी पढ़ें- ओणम पर चेन्नई और कोल्लम के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यहां पढ़ें, पूरा शेड्यूल और रूट
यह भी पढ़ें- शादी या ग्रुप टूर के लिए बुक करें पूरी ट्रेन या कोच: जानें- रेलवे के नियम, खर्च और बुकिंग का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं