विज्ञापन

छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, हेमंत सोरेन कहां हैं? JMM सांसद ने NDTV से कहा- सिस्टम की घुन साफ कर रहे हैं CM

झारखंड में जारी छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सांसद महुआ मांझी ने NDTV से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार काम कर रहे हैं.

छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, हेमंत सोरेन कहां हैं? JMM सांसद ने NDTV से कहा- सिस्टम की घुन साफ कर रहे हैं CM
JMM सांसद महुआ मांझी ने NDTV से कहा कि सीआईडी जांच चल रही है.
NDTV
नई दिल्ली:

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर 19 दिन से छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इसे लेकर हंगामा जारी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतने दिन से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन उन्होंने अब तक छात्रों से बात तक नहीं की. इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सांसद महुआ मांझी ने NDTV से कहा कि मुख्यमंत्री लगातार छात्रों के लिए काम कर रहे हैं.

NDTV ने जब उनसे सवाल किया कि NEET मामले पर प्रदर्शन था तब आपने साथ दिया लेकिन अपने राज्य की बारी आई तो 19 दिन तक छात्रों को इंतजार क्यों करना पड़ा? इस पर महुआ मांझी ने कहा, 'इंतजार नहीं करना पड़ा, जिस दिन पेपर लीक की सूचना मिली, उसी दिन कार्रवाई शुरू कर दी गई और उसी दिन मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार चेयरमैन से इस्तीफा लिया और सीआईडी जांच शुरू कर दी. उसमें आज तक बहुत लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और रोज छापेमारी हो रही है.'

घुन साफ कर रहे हैं मुख्यमंत्री

उन्होंने पिछली बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 'भाजपा के कार्यकाल से सिस्टम में घुन लगा हुआ है, उसे साफ किया जा रहा है.' 

उन्होंने कहा कि 'भाजपा के कार्यकाल के दौरान का इतिहास उठाकर देखिए कितनी अनियमितताएं थीं, उस सिस्टम को दुरुस्त करने में मुख्यमंत्री लगे हैं. उसमें थोड़ा घुन लगा हुआ था, उसे निकाल रहे हैं,'

उन्होंने कहा कि उसी सिस्टम के जो लोग थे, जिन्होंने छात्रों को परेशान कर रखा था, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः JPSC-JSSC मुद्दे पर रांची में अनशन पर बैठे देवेंद्र महतो ने कहा- मेरी जान को खतरा, NDTV की एक्सक्लूसिव बातचीत

मुख्यमंत्री कहां हैं? मिला ये जवाब

जब उनसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बारे में पूछा गया तो महुआ मांझी ने कहा कि 'मुख्यमंत्री तो लगातार छात्रों के लिए ही काम कर रहे हैं.' 

छात्रों से मिलने मुख्यमंत्री क्यों नहीं गए? इस पर उन्होंने कहा कि 'अभी इस पर कोई कमेंट नहीं करूंगी लेकिन मुख्यमंत्री ने एक हाई लेवल कमेटी का गठन करने की बात कही है, जो छात्रों से बात करके उनकी समस्या का हल निकालेगी.'

सीबीआई जांच से क्या आपत्ति है?

कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच पर झारखंड सरकार ने आपत्ति जताई है. इसे लेकर जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कोई आपत्ति नहीं है. सीआईडी जांच हो ही रही है. उससे अगर संतुष्टि नहीं होती है तो फिर देखा जाएगा. हर दिन छापेमारी हो रही है. हर दिन गिरफ्तारियां हो रही हैं. कार्रवाई हो रही है और फिर लोग असंतुष्ट रहेंगे तो सोचा जाएगा.

यह भी पढ़ेंः JPSC Protest: 'भीख नहीं मांग रहे, अपना हक मांग रहे हैं'... शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर पहुंची छात्रा ने दिया जवाब

झारखंड में क्या चल रहा है?

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का प्रदर्शन चल रहा है. 

मांगों को लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो आमरण अनशन पर बैठे थे. क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के बात करने के बाद महतो ने चौथे दिन पानी तो पी लिया लेकिन भूख हड़ताल अब भी जारी है.

छात्र कई दिनों से 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, JPSC और JSSC-CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच, ओएमआर शीट और मेंस एग्जाम की आंसर की सार्वजनिक करने और भर्ती आयोगों में व्यापक सुधार की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. 

आंदोलनकारियों के एक गुट ने पहले ही घोषणा की है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा. इस बीच, कथित परीक्षा अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने राज्य के विभिन्न जिलों में कई स्थानों पर छापेमारी कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज, ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है। इनकी जांच जारी है.

मुख्यमंत्री का क्या है कहना?

आंदोलन के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार संवेदनशील है और छात्रों के साथ न्याय होगा. 

उन्होंने कहा था कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद संवैधानिक दायरे में उचित निर्णय लिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा था, 'हम जिस समस्या के पीछे पड़ते हैं, उसे ठीक करके ही दम लेते हैं.'

यह भी पढ़ेंः 14वीं JPSC पीटी घोटाले में CID का बड़ा एक्शन, 3 और बिचौलिए गिरफ्तार; अब तक 14 आरोपी दबोचे गए
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand Protest, JPSC, JSSC, Student Protest, Hemant Soren
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com