IRCTC Auto Upgradation Rule: भारतीय रेलवे से यात्रा करने वाले हर यात्री की यही चाहत होती है कि उसका सफर किफायती होने के साथ साथ आरामदायक भी हो. बजट की कमी या महंगे किराए की वजह से अक्सर लोग स्लीपर क्लास (Sleeper Class) का टिकट बुक करते हैं, लेकिन मन में एसी कोच की ठंडी हवा और सुकून भरे सफर की इच्छा बनी रहती है.
अगर हम कहें कि रेलवे के पास एक ऐसा आधिकारिक नियम है, जिसके तहत आप बिना कोई एक्स्ट्रा चार्ज दिए स्लीपर के दाम में ही एसी थ्रीटियर (3AC) या टू टियर (2AC) में सफर कर सकते हैं, तो? जी हां, भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) अपने यात्रियों को 'ऑटो अपग्रेडेशन' (Auto Upgradation) नाम की यह खास सुविधा पूरी तरह फ्री में देता है. आइए समझते हैं कि यह शानदार ट्रिक कैसे काम करती है.
क्या है रेलवे का 'ऑटो अपग्रेडेशन' नियम?
ऑटो अपग्रेडेशन सिस्टम भारतीय रेलवे की एक ऑटोमेटिक और स्मार्ट प्रक्रिया है, जो ट्रेनों में खाली सीटों के सही इस्तेमाल के लिए बनाई गई है. दरअसल, अक्सर त्योहारों, छुट्टियों या पीक सीजन के दौरान स्लीपर क्लास में वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी हो जाती है, जबकि उसी ट्रेन के एसी कोच में कुछ सीटें खाली (Vacant) रह जाती हैं. ऐसी स्थिति में रेलवे का ऑटो अपग्रेडेशन सिस्टम स्लीपर क्लास के कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को बिना कोई अतिरिक्त चार्ज लिए उच्च श्रेणी यानी एसी 3 टियर या 2 टियर की खाली बर्थ में शिफ्ट कर देता है.
राहुल ने ₹595 देकर किया एसी कोच में सफर
राहुल ने बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (12566) में दिल्ली से दरभंगा तक के लिए स्लीपर (SL) का टिकट लेते वक्त ऑटो अपग्रेडेशन का ऑप्शन चुना. भाग्य ने भी उनका साथ दिया और उसकी टिकट स्लीपर (SL) से एसी 3 इकॉनमी (3E) में ऑटो अपग्रेड हो गई. यानी राहुल को बिना कुछ किए ही ₹830 की बचत हो गई. दरअसल, राहुल ने इस सुविधा का लाभ उठाकर स्लीपर का किराया ₹595 देकर AC 3 Economy में सफर किया, जिसका का किराया ₹1,425 था. इस तरह राहुल ने स्लीपर का पैसा देकर AC 3 Economy के मजे लिए, जिससे लगभग 21 घंटे लंबे सफर में गर्मी, धूल और मौसम की मार से न सिर्फ राहत मिली, बल्कि 3E कोच में सफर करने पर रेलवे की तरफ से बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के बेडशीट, तकिया और कंबल दिए गए. साथ ही साफ माहौल भी मिला. दरअसल, स्लीपर क्लास की तुलना में AC कोच में बिना टिकट या अनाधिकृत यात्रियों की आवाजाही न के बराबर होती है, जिससे यहां साफ-सफाई और भीड़ से बड़ी राहत मिलती है.
राहुल के जैसे आप भी करना चाहते है मजे, तो करें ये छोटा सा काम
इस मुफ्त ऑटो अपग्रेडेशन सुविधा का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को अलग से कोई मशक्कत नहीं करनी पड़ती है, बस टिकट बुक करते समय एक छोटा सा विकल्प चुनना होता है. जब आप IRCTC ऐप या वेबसाइट से ट्रेन टिकट बुक कर रहे हों, तो पैसेंजर डिटेल्स भरते समय नीचे 'Other Preferences' वाले सेक्शन में जाएं. वहां आपको 'Consider for Auto Upgradation' का एक बॉक्स दिखेगा, उस पर टिक मार्क जरूर लगा दें. अगर आप स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से फॉर्म भरकर टिकट ले रहे हैं, तो फॉर्म में दिए गए 'Auto Upgradation' के कॉलम में 'Yes' वाले विकल्प को चुनें. अगर आप बुकिंग करते समय इस विकल्प पर टिक नहीं करते हैं, तो आपका टिकट ऑटो अपग्रेड सिस्टम में शामिल नहीं किया जाएगा.
किन यात्रियों को मिलता है सबसे पहले अपग्रेडेशन का मौका?
रेलवे की ऑटो अपग्रेडेशन प्रणाली के मुताबिक, इस सुविधा के लिए चयन पूरी तरह निष्पक्ष और कंप्यूटराइज्ड होता है. क्लास अपग्रेड होने का मौका केवल उन्हीं यात्रियों को मिलता है, जिनका टिकट बुकिंग के समय पूरी तरह से कंफर्म (Confirmed) था. आरएसी (RAC) या वेटिंग लिस्ट वाले टिकटों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाता. ट्रेन का फाइनल चार्ट (Chart Preparation) तैयार होते समय यदि ऊपर की क्लास में सीटें खाली बचती हैं, तो सिस्टम अपने आप रैंडम तरीके से योग्य यात्रियों को चुनकर अपग्रेड कर देता है.
यह भी पढ़ें- अब वेटिंग की नो टेंशन! IRCTC के इन 2 नए स्मार्ट व AI फीचर्स से मिनटों में बुक होगा तत्काल टिकट, जानें सीक्रेट ट्रिक
सफर से पहले PNR स्टेटस जरूर कर लें चेक
अगर आपका स्लीपर टिकट एसी क्लास में अपग्रेड हो जाता है, तो आपको कोई नया टिकट लेने या टीटीई (TTE) को अलग से पैसे देने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है. चार्ट तैयार होने के तुरंत बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर नए कोच नंबर जैसे B1, B2 या M1 और सीट नंबर का मैसेज आ जाता है. इसलिए, स्टेशन जाने से पहले एक बार IRCTC ऐप या वेबसाइट पर अपना PNR Status जरूर चेक कर लें. इससे आपको सही समय पर पता चल जाएगा कि आपको स्लीपर की जगह एसी की सीट आवंटित हुई है या नहीं, अपग्रेड होने की स्थिति में आप सीधे अपने नए एसी कोच में जाकर बैठ सकते हैं.
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली मेट्रो कार्ड से Noida Metro में भी कर सकेंगे सफर, AFC गेट बनाए जाएंगे हाईटेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं