विज्ञापन

ट्रेनों में RAC टिकट पर भी देना होगा पूरा बेडरोल, रेलवे का निर्देश जारी, आधी सीट पर मिलेगी पूरी सुविधा

अगर आपका रेलवे टिकट आरएसी है और आप एसी कोच में सफर कर रहे हैं तो अब बेडरोल को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं होगी. रेलवे ने साफ कर दिया है कि हर आरएसी यात्री को अलग से पूरा बेडरोल किट दिया जाएगा.

ट्रेनों में RAC टिकट पर भी देना होगा पूरा बेडरोल, रेलवे का निर्देश जारी, आधी सीट पर मिलेगी पूरी सुविधा
RAC यात्रियों को भी पूरी सुविधा.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

ट्रेनों में भले ही आपका टिकट RAC रह गया हो, अगर आप AC कोच में सफर कर रहे हैं तो आपको आधी सीट पर भी बेडरोल की पूरी सुविधा मिलेगी. कई बार ऐसा होता है कि आपको कंफर्म रेलवे टिकट नहीं मिल पाता है. ऐसे में अब रेलवे ने RAC यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है. रेलवे बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं कि AC चेयर कार को छोड़कर सभी AC कोच में सफर करने वाले हर RAC यात्री को अलग से पूरा बेडरोल किट दिया जाएगा. यह आदेश तुरंत लागू करने को कहा गया है.

क्यों लेना पड़ा रेलवे को यह फैसला

रेलवे बोर्ड को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ट्रेनों में RAC यात्रियों को पूरा बेडरोल नहीं दिया जा रहा था. कई जगहों पर दो यात्रियों के बीच एक ही बेडरोल किट शेयर कराई जाती थी. किसी को कंबल नहीं मिलता था तो किसी को तकिया नहीं दिया जाता था. इसको लेकर यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन पर भी कई शिकायतें दर्ज कराई थीं.

इन शिकायतों को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने 4 अगस्त 2026 को एनसीआर समेत सभी जोनल रेलवे को नया निर्देश जारी किया. बोर्ड ने साफ कहा है कि AC चेयर कार को छोड़कर बाकी सभी AC श्रेणियों में हर RAC यात्री को अलग से चादर, कंबल और बाकी बेडरोल की पूरी सुविधा दी जाए. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक प्रयागराज होकर गुजरने वाली सभी संबंधित AC ट्रेनों में भी इस नियम का पालन करना जरूरी होगा.

अब हर RAC यात्री को मिलेगी पूरी सुविधा

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे से कहा है कि इस आदेश की जानकारी तुरंत अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचाई जाए और इसका सख्ती से पालन कराया जाए. इसके साथ ही आईआरसीटीसी और दूसरे संबंधित विभागों को भी जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. इस फैसले से देशभर में AC कोच में RAC टिकट पर सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी. अब उन्हें बेडरोल के लिए बार-बार शिकायत नहीं करनी पड़ेगी. रेलवे ने साफ किया है कि हर RAC यात्री को दूसरे यात्रियों की तरह अलग से पूरा बेडरोल किट मिलेगा और किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा.

अगर किसी यात्री को बेडरोल नहीं दिया जाता है या नियम का पालन नहीं होता है, तो वह रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज करा सकता है. रेलवे ने कहा है कि सभी जोन इस नए नियम का पालन सुनिश्चित करेंगे.

ये भी पढ़ें : राम मंदिर में आरती-दर्शन के लिए ऐसे मिलेगा तत्काल पास, टाइमिंग और प्रोसेस नोट कर लीजिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
RAC Ticket Booking, RAC Ticket Indian Railways, Bedroll Charges Indian Railways, Railway AC Coach Blanket Cleaning, Irctc News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com