गर्मियों के मौसम में आमतौर पर आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. हाल ही में देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए कई दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. लखनऊ के एक गेमिंग जोन और दिल्ली के एक होटल में लगी भीषण आग में कई लोगों की जान चली गई. ऐसे हादसे अक्सर यह सवाल खड़ा करते हैं कि इमरजेंसी की स्थिति में लोगों के पास सुरक्षित बाहर निकलने का विकल्प क्यों नहीं होता. एक्सपर्ट्स का मानना है कि आग लगने की स्थिति में केवल फायर एक्सटिंग्विशर ही नहीं, बल्कि सुरक्षित एस्केप सिस्टम भी बेहद जरूरी होता है.
इमरजेंसी में मदद कर सकता है यह नया सेफ्टी सिस्टम
इसी जरूरत को देखते हुए भारत का एक स्टार्टअप 'स्काईड्रॉप' (Skydrop) एक खास इमरजेंसी एस्केप सिस्टम लेकर आया है. कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम आग या दूसरी इमरजेंसी में लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद कर सकता है. इस सिस्टम को घर, अपार्टमेंट, ऑफिस और ऊंची इमारतों की बालकनी में आसानी से इंस्टॉल किया जा सकता है. इसे इस्तेमाल करने के लिए ज्यादा टेक्निकल जानकारी की जरूरत भी नहीं पड़ती है.
कैसे काम करता है यह गैजेट?
इस सेफ्टी सिस्टम में एक मजबूत स्टील केबल, हार्नेस और मेटल क्लिप शामिल होती है, जो दीवार पर लगाए गए एक बॉक्स में होती हैं. अगर किसी इमारत में आग लग जाए और सीढ़ियां या लिफ्ट इस्तेमाल न कर पाएं, तो व्यक्ति इस केबल के जरिए कंट्रोल्ड तरीके से नीचे उतर सकता है. कंपनी का दावा है कि एक एडल्ट व्यक्ति जरूरत पड़ने पर छोटे बच्चे को साथ लेकर भी सुरक्षित नीचे आ सकता है.
इंस्टॉलेशन के साथ मिलती है ट्रेनिंग
कंपनी के अनुसार, गैजेट खरीदने वाले ग्राहकों को इसकी ट्रेनिंग और लाइव डेमो भी दिया जाता है. इससे लोग इमरजेंसी के समय घबराने के बजाय सही तरीके से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. सोशल मीडिया पर भी इस सिस्टम के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां लोग इसे आधुनिक सुरक्षा सॉल्यूशन के तौर पर देख रहे हैं. क्योंकि आग जैसी घटना कभी भी और कहीं भी हो सकती है. ऐसे में केवल हादसे के बाद पछताने के बजाय पहले से तैयारी करना ज्यादा समझदारी है. अगर आप मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग्स या अपार्टमेंट में रहते हैं, तो ऐसा सेफ्टी सिस्टम आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश साबित हो सकता है. हालांकि, किसी भी सेफ्टी इक्विपमेंट को खरीदने से पहले उसकी क्वालिटी, सर्टिफिकेशन और इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कंस्ट्रक्शन वर्कर्स को सरकार का तोहफा, मिलेगा 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज, जानें पूरी योजना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं