IND vs SL 1st Test, Manav Suthar Spin Turn: भारत-श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन श्रीलंका की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने विकेट से आगाज तो कराया ही लेकिन उसके साथ ही चर्चा स्पिन के लिहाज से भारत के लिए फ्यूचर स्टार की खोज भी मुकम्मल होती दिख रही है. जी हां हम बात कर रहे हैं मानव सुथार की. अपनी गेंदबाजी में विविधता के साथ साथ लेंथ और गति से बल्लेबाजों को चकमा देने के मामले में वो बहुत आगे दिखाई पड़ते हैं. मानव सुथार ने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर कमाल कर दिखाया.
87 ओवर की स्पिन गेंदबाजी में नहीं हुआ था ऐसा
इस टेस्ट में अब तक स्पिन के जो 87 ओवर फेंके गए हैं, उनमें मानव सुथार के पहले ओवर में औसतन सबसे ज्यादा टर्न देखने को मिला (अब तक पूरे मैच में जो टर्न देखा गया है, उससे 1.7 गुना ज्यादा है.)
मानव सुथार ने श्रीलंका को दिए दो बड़े झटके
युवा बाएं हाथ के स्पिनर ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद पिच कराई, जो पहले अंदर की ओर आई और दनंजय डी सिल्वा को आगे बढ़कर डिफेंस करने के लिए मजबूर कर गई. इसके बाद गेंद ने हल्का टर्न लिया और बल्लेबाज के बाहरी किनारे से लगकर विकेटकीपर ऋषभ पंत की ओर चली गई. पंत ने अपनी दाईं ओर शानदार डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच लपक लिया. रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले के बजाय बल्लेबाज़ के दाहिने दस्ताने को छूकर गई थी. इस विकेट के साथ ही मानव सुथार ने अपने पहले ही ओवर में सफलता हासिल की और श्रीलंका को दूसरा झटका दिया.
मानव सुथार ने एक बार फिर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया और लाहिरू उदारा को पवेलियन की राह दिखा दी. करीब 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई शॉर्ट लेंथ गेंद को देखकर उदारा ने बैकफुट पर जाकर कट शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन अतिरिक्त उछाल ने उनका पूरा प्लान बिगाड़ दिया.
गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में हवा में चली गई, जहां तैनात यशस्वी जायसवाल ने कोई गलती नहीं की और रिवर्स-कप तकनीक से आसान कैच लपक लिया. इस विकेट के साथ मानव सुथार ने मैच में अपना दूसरा शिकार किया, जबकि उदारा निराश होकर ड्रेसिंग रूम लौटे.
2024 में IPL में डेब्यू
राजस्थान के गंगानगर में जन्मे सुथार एक बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं जो बल्लेबाज़ी भी कर सकते हैं. घरेलू क्रिकेट में वे अपने राज्य राजस्थान के लिए खेलते हैं, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुजरात टाइटंस ने भी उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है. IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में GT ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था.
उन्होंने IPL 2026 में GT के लिए कुल चार मैच खेले और दो विकेट लिए. हालांकि, उनका IPL डेब्यू 2024 सीज़न में हुआ था, जब उन्होंने सिर्फ़ एक मैच खेला था. वो पहली बार 2022/23 रणजी ट्रॉफी सीज़न के दौरान चयनकर्ताओं की नज़र में आए, जब उन्होंने सिर्फ़ छह मैचों में 39 विकेट लिए थे. अब तक वे 120 से ज़्यादा फ़र्स्ट-क्लास विकेट ले चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं