उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं, इसके लिए अभी से तमाम राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी बीच योगी सरकार चुनावी साल में संविदा कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है. सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यूपी के सरकारी विभागों में आउटसोर्स पर 1 लाख नए कर्मचारियों की भर्ती होगी. इसके अलावा पहले से काम कर रहे 2.75 लाख से ज्यादा संविदा कर्मचारियों की सैलरी भी 8 हजार रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक बढ़ाई जा सकती है. फिलहाल इस पर काम चल रहा है और आने वाले कुछ महीनों में खुद सीएम योगी इसका ऐलान कर सकते हैं.
लाखों कर्मचारियों को होगा फायदा
यूपी में काम कर रहे लाखों संविदा कर्मचारियों के लिए अगर सरकार ये फैसला लेती है तो उन्हें काफी फायदा होगा. तमाम विभागों में कम सैलरी पर काम करने वाले इन कर्मचारियों की सैलरी में बड़ा इजाफा किया जा सकता है, साथ ही चुनावी साल में सरकार की तरफ से उनके लिए कुछ और ऐलान भी किए जा सकते हैं.
संविदा कर्मियों की कैसे होती है भर्ती?
उत्तर प्रदेश में यूपी आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के तहत संविदा पदों पर भर्ती होती है. संविदा कर्मियों की भर्ती निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने को लेकर यूपी सरकार की तरफ से इसी साल जनवरी में UPCOS शुरू किया गया. इस नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की सैलरी से लेकर ईपीएफ और बाकी चीजों की देखभाल की जाती है.
यूपी में तीन साल के लिए संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति होती है, साथ ही 26 दिन की सेवाएं ली जाती हैं. महीने में ऐसे कर्मचारियों को चार दिन की छुट्टी मिलती है. ये नौकरी लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर दी जाती है. इसके अलावा इसमें आरक्षित वर्गों को भी फायदा दिया जाता है. महिलाओं को मातृत्व अवकाश का भी प्रावधान है.
ये भी पढ़ें - 10 मिनट में लॉगआउट, की-बोर्ड भी खराब... बॉम्बे हाईकोर्ट भर्ती परीक्षा को लेकर बवाल, री-एग्जाम की मांग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं