त्योहार का सीजन आ रहा है और दिवाली-छठ के लिए रिजर्वेशन भी शुरू होने वाले हैं. लेकिन त्योहार के समय यात्री लंबी वेटिंग से हर बार परेशान रहते हैं. ऐसे में रेलवे जहां स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी में है. वहीं वेटिंग लिस्ट को कम या खत्म करने के लिए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. रेलवे मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में बदलाव करने को लेकर अहम तैयारी कर रही है. कुछ ट्रेनों में यात्रियों की वेटिंग लिस्ट के मुताबिक 22 कोच वाली ट्रेन में दो अलग से कोच लगाया जा सकता है. यानी अब 24 कोच मेल और एक्सप्रेस ट्रेन में हो सकते हैं. इससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल सकती है.
माना जा रहा है कि रेलवे के फैसले से टिकट के कंफर्म होने की उम्मीद बढ़ने वाली है. जिन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 या 150 से अधिक पहुंच जाती है. वहां 2 अतिरिक्त कोच जोड़कर वेटिंग लिस्ट को कम किया जा सकता है. इससे कंफर्म सीट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी.
पूर्वोत्तर रेलवे ने शुरू किया ट्रायल
रेलवे बोर्ड के फैसले के बाद ट्रायल के रूप में पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रायल शुरू कर दिया है. इसके तहत गोरखपुर से LTT तक जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं. रेलवे बोर्ड के मुताबिक, जारी आदेश में दो कोच स्थाई रूप से जोड़ने को कहा है. इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि रेलवे की कमाई भी बढ़ेगी. रेलवे बोर्ड ने 17 जोन से गुजरने वाली मेल और एक्स्प्रेस ट्रेनों में 3 अतिरिक्त कोच यानी 22 से 24 कोच करने को लेकर जानकारी मांगी थी. अब दो कोच जोड़ने को लेकर सहमति बन गई है.
रेलवे बोर्ड ने कहा है कि त्योहार सीजन के अलावा साल भर जिस ट्रेन में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है, सबसे पहले उन्हीं ट्रेन में कोच को बढ़ाएंगे, जिस ट्रेन में ज्यादा भीड़ रही है. यानी अभी सभी एक्स्प्रेस ट्रेनों में कोच नहीं बढ़ाए जाएंगे.
दो कोच जोड़ने से कितनी बढ़ेगी यात्री क्षमता
ट्रेन में 22 से 24 कोच होने पर 160 यात्रियों को फायदा मिलने वाला है. 3 AC में सामान्य रूप से 60 से 70 वेटिंग लिस्ट तक पहुंचती है, जबकि Sleeper क्लास में 100 से ऊपर वेटिंग लिस्ट चली जाती है. ऐसे में दो कोच जोड़ने पर वेटिंग लिस्ट की समस्या लगभग खत्म हो सकती है.
यह भी पढ़ेंः पटना और बेंगलूरु के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन, यूपी, एमपी, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, चेन्नई को मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं