Smart Summer Hacks: गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप और बढ़ता तापमान लोगों की परेशानी बढ़ा देता है. खासकर जिन घरों में छत पर प्लास्टिक की पानी की टंकी लगी होती है, वहां दोपहर तक पानी इतना गर्म हो जाता है कि नहाने, हाथ धोने या रोजमर्रा के कामों में भी दिक्कत होने लगती है. काले रंग की टंकियां धूप को ज्यादा सोखती हैं, जिससे पानी जल्दी गर्म हो जाता है. हालांकि, कुछ आसान और कम खर्च वाले उपाय अपनाकर आप अपनी पानी की टंकी को गर्म होने से बचा सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
टंकी पर सफेद रंग या रिफ्लेक्टिव कोटिंग करें
अगर आपकी छत पर काले रंग की पानी की टंकी लगी है तो आप उसके बाहर सफेद पेंट या रिफ्लेक्टिव कोटिंग करवा सकते हैं. सफेद रंग धूप को वापस परावर्तित करता है और गर्मी कम सोखता है. इससे टंकी के अंदर पानी का तापमान काफी हद तक कम रह सकता है.
गीले बोरे का करें इस्तेमालयह एक पुराना लेकिन असरदार तरीका है. पुराने जूट या बोरे को पानी में भिगोकर टंकी के चारों ओर लपेट दें. दिन में एक-दो बार उन बोरों पर पानी डालते रहें. बोरे से पानी के इवेपरेशन की प्रक्रिया टंकी की सतह को ठंडा रखने में मदद करती है.
थर्माकोल या इंसुलेशन लगाएंटंकी के चारों तरफ थर्माकोल शीट या इंसुलेशन सामग्री लगाई जा सकती है. यह गर्मी को अंदर पहुंचने से रोकने में मदद करती है. आज के समय में बाजार में इंसुलेटेड टैंक कवर भी मिलते हैं आप इनका इस्तेमाल कर सकते हैं. ये गर्मी के मौसम में पानी को ठंडा बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
टंकी को छांव में रखेंअगर संभव हो तो टंकी के ऊपर ग्रीन नेट, नारियल के पत्ते या अस्थायी शेड लगाएं. सीधी धूप कम पड़ेगी तो पानी भी कम गर्म होगा. यह तरीका खासकर उन इलाकों में ज्यादा फायदेमंद है जहां गर्मी बहुत अधिक पड़ती है.
पाइप को भी गर्म होने से बचाएंकई बार टंकी नहीं, बल्कि धूप में रखे पाइप पानी को ज्यादा गर्म कर देते हैं. पाइप पर इंसुलेशन फोम, कपड़ा या कवर लगाने से भी पानी नलों तक कुछ हद तक ठंडा पहुंच सकता है.
टंकी के नीचे रखें नमीअगर जगह हो तो टंकी के नीचे ईंटों की छोटी सीमा बनाकर उसमें गीली रेत भर सकते हैं. नमी की वजह से आसपास का तापमान थोड़ा कम रहता है, जिससे गर्मी का असर कम हो सकता है.
इस तरह आप कुछ आसान और घरेलू उपाय अपनाकर आप अपनी छत की पानी की टंकी को जरूरत से ज्यादा गर्म होने से बचा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- गर्म तवे की तरह तप रही है घर की छत? करें ये काम..बिना AC के भी 'शिमला' जैसा कूल रहेगा आपका घर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं