Online Earning Tips: आज के समय में मोबाइल सिर्फ टाइमपास और एंटरटेनमेंट के लिए नहीं है. यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म से बहुत से लोग लाखों-करोड़ों छाप रहे हैं. कोई घर बैठे वीडियो बनाकर पैसा कमा रहा है, तो कोई रील्स डालकर अच्छी इनकम कर रहा है. अगर आपने भी यूट्यूब चैनल शुरू किया है या इंस्टाग्राम पर कंटेंट डालना शुरू कर दिया है, तो सिर्फ वीडियो बनाना काफी नहीं है. आपको ये भी समझना होगा कि पैसा आखिर आता कहां से है और कैसे आता है.
पोस्ट ऑफिस की यह स्कीम कर देगी मालामाल, हर दिन सिर्फ 333 रुपए बचाकर, बन जाएंगे लखपति
यूट्यूब-इंस्टाग्राम पर कमाई कैसे होती है
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कमाई के तीन बड़े रास्ते होते हैं. ऐड्स (Ads), ब्रांड डील्स (Brand Deals) और एफिलिएट मार्केटिंग (Affiliate Marketing) शामिल हैं. जब आप YouTube पर वीडियो डालते हैं या कोई वेबसाइट चलाते हैं, तो उस पर अलग-अलग कंपनियों के विज्ञापन दिखते हैं. ये वही Ads होते हैं, जो वीडियो शुरू होने से पहले या बीच में आते हैं. अब जब कोई यूजर उस वीडियो को देखता है या Ad पर क्लिक करता है, तो उसके बदले प्लेटफॉर्म आपको पैसे देता है. मान लीजिए आपने यूट्यूब पर एक वीडियो डाला और उस पर ऐड्स लग गए. जैसे-जैसे वीडियो पर व्यूज बढ़ते जाएंगे, वैसे-वैसे आपकी कमाई भी शुरू हो जाएगी.

Ads से कितनी कमाई होती है और कहां से मिलते हैं
अनुमान के हिसाब से 1000 व्यूज पर करीब 50 रुपये से लेकर 300 रुपये तक की कमाई हो सकती है. हालांकि, ये पैसे आपके कंटेंट, ऑडियंस और टॉपिक पर भी निर्भर करती है. यूट्यूब और वेबसाइट पर ऐड्स सीधे किसी कंपनी से नहीं मिलते. इसके लिए आपको Google AdSense से जुड़ना होता है. जब आपका चैनल या वेबसाइट ऐडसेंस की शर्तें पूरी कर लेती है, तब गूगल खुद आपके कंटेंट पर Ads दिखाना शुरू कर देता है. इसके बाद हर महीने आपकी कमाई सीधे आपके बैंक अकाउंट में आने लगती है.
ब्रांड डील्स से कमाई का जरिया क्या है
जब आपके कंटेंट पर लोग भरोसा करने लगते हैं और आपके फॉलोअर्स या सबस्क्राइबर्स बढ़ जाते हैं, तब कंपनियां खुद आपसे संपर्क करती हैं. ये कंपनियां चाहती हैं कि आप उनके प्रोडक्ट या सर्विस के बारे में अपने वीडियो या पोस्ट में बताएं. मान लीजिए आपके यूट्यूब चैनल पर 50 हजार सब्सक्राइबर हैं और कोई मोबाइल कंपनी आपसे अपने फोन का प्रमोशन करवाती है. इसके बदले वो आपको 5,000 रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक दे सकती है.

कौन से ब्रांड डील करते हैं
ब्रांड डील्स कई फॉर्म में मिल सकती हैं. कभी आपको पूरा वीडियो बनाना होता है, कभी सिर्फ एक रील, तो कभी प्रोडक्ट का रिव्यू. अच्छी बात ये है कि बहुत ज्यादा फॉलोअर्स न होने पर भी आप शुरुआत कर सकते हैं. छोटे क्रिएटर्स अक्सर लोकल ब्रांड के साथ काम करके ब्रांड डील्स की शुरुआत करते हैं. धीरे-धीरे जैसे-जैसे आपका नाम बनता है, वैसे-वैसे डील की रकम भी बढ़ती जाती है.
एफिलिएट मार्केटिंग से कमाई कैसे होती है
एफिलिएट मार्केटिंग थोड़ा अलग तरीका है, लेकिन बहुत दमदार है. इसमें आप किसी कंपनी के प्रोडक्ट का लिंक शेयर करते हैं. अब अगर कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करके खरीदारी करता है, तो आपको उसका कमीशन मिलता है. मान लीजिए आपने अमेजन का लिंक शेयर किया और किसी ने उस लिंक से 10,000 रुपये का मोबाइल खरीदा. तो आपको करीब 3 प्रतिशत से लेकर 10 प्रतिशत तक कमीशन मिल सकता है. आज भारत में कई बड़े एफिलिएट प्लेटफॉर्म मौजूद हैं. अमेजन, फ्लिपकार्ट और मीशो जैसे फ्लेटफॉर्म इसकी सुविधा देते हैं. इनकी सबसे अच्छी बात ये है कि एक बार लिंक डालने के बाद बार-बार कमाई हो सकती है, जब भी कोई उस लिंक से खरीदारी करता है.
हर महीने कितना कमा सकते हैं
अगर आप सही प्लानिंग और लगातार काम करें, तो सोशल मीडिया से अच्छी कमाई की जा सकती है. शुरुआत में भी यूट्यूब ऐड्स से हर महीने करीब 15–20 हजार रुपये, ब्रांड डील्स से 15–20 हजार रुपये और एफिलिएट लिंक्स से 10–15 हजार रुपये तक कमाना संभव है. नए क्रिएटर्स के लिए शुरुआत में Ads सबसे आसान रास्ता होता है. जैसे-जैसे चैनल या पेज बढ़ता है, कमाई भी बढ़ती जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं