- सरकार ने राशन कार्डधारकों के लिए पारदर्शी खाद्यान्न वितरण के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया जरूरी कर दी है.
- ई-केवाईसी न पूरा करने वाले लाभार्थियों के राशन आवंटन पर खाद्य विभाग अस्थायी रोक लगा सकता है.
- वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत देशभर की किसी भी राशन दुकान पर बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है.
राशन कार्डधारकों को पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने और फर्जी राशन कार्डों को समाप्त करने के लिए ई-केवाईसी जरूरी कर दिया गया है. खाद्य विभाग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक जिन लाभार्थियों का ई-केवाईसी समय पर पूरा नहीं होगा, उनके राशन आवंटन पर अस्थायी रोक लगाई जा सकती है.
हालांकि, इस मामले में अच्छी बात यह है कि देश का कोई भी नागरिक वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत किसी भी नजदीकी राशन दुकान पर जाकर ईपीओएस मशीन के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकता है. अगर आप रोजगार या किसी दूसरी वजह से अपने गृह राज्य से बाहर रह रहे हैं, तब भी आप देश के किसी भी फेयर प्राइस शॉप पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. साथ ही मेरा राशन ऐप के जरिए से भी घर बैठे आधार सीडिंग और स्टेटस जांचा जा सकता है.
राशन दुकान पर ऐसे कराएं ईकेवाईसी
राशन कार्ड ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी तरह से फ्री है और इसे बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए पूरा किया जाता है. इसके लिए अपने नजदीकी किसी भी सरकारी राशन दुकान पर जाएं. राशन डीलर अपनी ईपीओएस मशीन में आपकी जानकारी दर्ज कर ई-केवाईसी प्रोसेस शुरू करेगा. इस दौरान आपका फिंगरप्रिंट यानी उंगलियों के निशान या आईरिस स्कैन यानी आंखों की पुतली के जरिए आधार सत्यापन किया जाएगा. बायोमेट्रिक मिलान सफल होते ही आपका ईकेवाईसी सबमिट हो जाएगा और सिस्टम में डेटा अपडेट हो जाएगा.
राशन कार्ड से आधार लिंक न हो तो ये करें
अगर किसी वजह से आपका आधार कार्ड पहले से राशन कार्ड से लिंक नहीं है, तो भी घबराने की जरूरत नहीं है. ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू करते समय खाद्य विभाग के नियमों के मुताबिक डीलर की ओर से ईपीओएस मशीन में आपका आधार का डिटेल दर्ज कर उसे अस्थायी रूप से राशन रिकॉर्ड से जोड़ा जाएगा. इसके बाद तुरंत फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन के जरिए से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करके आधार लिंक और ईकेवाईसी दोनों काम एक साथ संपन्न हो जाएंगे.
यह भी पढ़ें- घर बैठे ड्राइविंग लाइसेंस में बदलें अपना पता, जानें जरूरी दस्तावेज, फीस और ऑनलाइन पूरी प्रक्रिया
मेरा राशन ऐप से घर बैठे स्टेटस करें चेक
स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने वाले लाभार्थी मेरा राशन आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां घर बैठे हासिल कर सकते हैं.
- आपका और आपके परिवार के सदस्यों का आधार राशन कार्ड से लिंक है या नहीं, यह स्टेटस आसानी से चेक करें.
- हर महीने कितना अनाज जैसे चावल, गेहूं, चीनी वगैरह मिलने की पात्रता है, उसकी सटीक जानकारी यहां से हासिल कर सकते हैं.
- इसके अलावा आपने पिछले महीनों में कितना राशन प्राप्त किया है, उसका पूरा ब्योरा भी हासिल कर सकते हैं.
- अपने मौजूदा स्थान के पास मौजूद राशन दुकानों की सूची और पता भी हासिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- इस कॉल के लिए अब हर मिनट देने होंगे 5 पैसे, ट्राई के नए नियम की क्यों हो रही है इतनी चर्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं