Bay Leaf Tea Recipe: सुबह की शुरुआत ज्यादातर लोग चाय से करते हैं, लेकिन अगर आप अपनी चाय को थोड़ा और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो तेज पत्ते की चाय आपके लिए काफी अच्छा ऑप्शन हो सकती है. भारतीय किचन में आसानी से मिलने वाला तेज पत्ता न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि यह कई तरह के औषधीय गुणों से भरपूर भी होता है. आयुर्वेद में भी इसका इस्तेमाल लंबे समय से किया जा रहा है. इसकी अच्छी बात ये है कि इसे बनाना बहुत ही आसान है और इसके फायदे जानकर आप भी इसे अपनी डाइट में शामिल करना चाहेंगे. यहां जानते हैं तेज पत्ते की चाय की रेसिपी और फायदे -
तेज पत्ते की चाय कैसे बनाएं?
जरूरी सामान
- तेज पत्ते - 2 से 3
- पानी - 2 कप
- दालचीनी - 1 छोटा टुकड़ा
- शहद - 1 चम्मच
विधि
सबसे पहले एक पैन में पानी उबाल लें. अब इसमें तेज पत्ते डालें और 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. चाहें तो दालचीनी भी मिला सकते हैं. इसके बाद गैस बंद करें और चाय को छान लें. हल्का गुनगुना होने पर इसमें शहद मिलाकर पी सकते हैं.
तेज पत्ते की चाय पीने के फायदे क्या-क्या हैं? - Taj Patta Chai Pine Ke Fayde
- अगर आप नियमित रूप से तेज पत्ते से तैयार चाय का सेवन करते हैं, तो इससे पाचन तंत्र की परेशानी दूर हो सकती है. ये पाचन क्रिया को बेहतर बनाए रखने में प्रभावी साबित हो सकता है.
- तेज पत्ते की चाय कम कैलोरी वाला ड्रिंक है. नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान के साथ इसे डाइट में शामिल करने से वजन प्रबंधन में मदद मिल सकती है.
- कुछ रिसर्च में बताते हैं कि तेज पत्ते का चाय पीने से शुगर लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है.
- तेज पत्ते में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता को समर्थन मिल सकता है.
- दिनभर की भागदौड़ और तनाव के बीच एक कप गर्म तेज पत्ते की चाय मन और शरीर को आराम देने में मदद कर सकती है.
- किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, नियमित दवाएं ले रहे हैं, गर्भवती हैं या स्तनपान करा रही हैं, तो किसी भी हर्बल ड्रिंक को नियमित रूप से लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
ये भी पढ़ें - किन लोगों के खाने में नहीं डालना चाहिए तेज पत्ता? जानिए फायदे और नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं