Train News: भारत में हर दिन लाखों-करोड़ों लोग ट्रेन से सफर करते हैं. यात्रियों की सुविधा और नियमों के पालन के लिए ट्रेनों में टीटीई तैनात किए जाते हैं. उनका काम टिकट चेक करना और यह सुनिश्चित करना होता है कि यात्रा नियमों के अनुसार हो. लेकिन कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जब कोई टीटीई यात्री के साथ गलत व्यवहार करने लगता है. ऐसे समय में कई लोग घबरा जाते हैं और उन्हें समझ नहीं आता कि शिकायत कहां करें.
सबसे पहले क्या करें?
अगर यात्रा के दौरान कोई टीटीई आपसे बदतमीजी करे, धक्का-मुक्की करे, गलत भाषा का इस्तेमाल करे या आपको जबरन सीट से हटाने की कोशिश करे, तो सबसे पहले शांत रहें. उसकी यूनिफॉर्म पर लिखा नाम और बैच नंबर नोट कर लें. यह जानकारी शिकायत दर्ज कराने में बहुत काम आती है. साथ ही घटना का समय, कोच नंबर और सीट नंबर भी याद रखें.
रेलवे के नियमों के अनुसार, अगर आपके पास स्लीपर या एसी कोच का कन्फर्म टिकट है, तो आपको आपकी सीट से जबरदस्ती नहीं हटाया जा सकता. ऐसी स्थिति में आप पूरी तरह शिकायत करने के हकदार हैं.
ट्रेन में ही कैसे करें शिकायत?भारतीय रेलवे की हर ट्रेन में एक गार्ड मौजूद रहता है. अगर टीटीई का व्यवहार गलत लगे, तो आप गार्ड के पास जाकर लिखित शिकायत दर्ज कर सकते हैं. गार्ड के पास शिकायत रजिस्टर होता है, जिसमें घटना का पूरा विवरण दर्ज किया जाता है.
इसके अलावा आप ट्रेन में मौजूद जीआरपी या आरपीएफ जवानों से भी संपर्क कर सकते हैं. अगर ट्रेन में उस समय कोई अधिकारी उपलब्ध न हो, तो अगले स्टेशन पर उतरकर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्कयात्रियों की सुविधा के लिए Indian Railways ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. किसी भी तरह की शिकायत, जैसे टीटीई की बदतमीजी या अन्य परेशानी के लिए आप 139 पर कॉल कर सकते हैं. यह रेलवे का सामान्य हेल्पलाइन नंबर है.
अगर मामला सुरक्षा से जुड़ा हो, तो 182 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. यह नंबर रेलवे सुरक्षा से संबंधित मामलों के लिए है.
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए 'रेल मदद' ऐप का भी उपयोग किया जा सकता है. इस ऐप के जरिए की गई शिकायत की स्थिति को बाद में ट्रैक भी किया जा सकता है.
अन्य मामलों में भी करें शिकायतअगर सफर के दौरान कोई यात्री शराब पीकर हंगामा करे, गाली-गलौज करे या तेज आवाज में गाना बजाए, तो इसकी शिकायत भी 139 नंबर या रेल मदद ऐप के जरिए की जा सकती है.
यात्रियों को अपने अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है. अगर आपके साथ गलत व्यवहार हो, तो चुप न रहें. सही जगह शिकायत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं