Mikl Adultration Test: दूध को हमारे दैनिक आहार का एक जरूरी हिस्सा माना जाता है, खासकर बच्चों के शारीरिक विकास के लिए यह बेहद जरूरी है. लेकिन क्या आप जो दूध रोज पी रहे हैं, वह पूरी तरह शुद्ध है? इसी को जानने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पिछले एक सर्वे के दौरान सैंपल इकठ्ठा कर उसकी जांच की तो चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई. दरअसल, 70 प्रतिशत सैंपल एक टेस्ट में फेल पाए गए. FSSAI की अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक भारत में बिकने वाले दूध के कई सैंपल्स में पानी, स्टार्च, डिटर्जेंट, यूरिया और सिंथेटिक रसायनों की मिलावट पाई गई है.
यह मिलावट न केवल दूध के पोषण मूल्य को खत्म करती है, बल्कि पेट दर्द, लिवर-किडनी को नुकसान पहुंचाने के साथ ही डायबिटीज के मरीजों के लिए ब्लड शुगर स्पाइक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बन सकती है. इससे बचने और दूध की शुद्धता जांचने के हम 6 बेहद आसान तरीके बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप अपने घर आ रहे दूध को घर पर ही आसानी से टेस्ट कर सकते हैं.
पानी की मिलावट की जांच (Water Test)
दूध में पानी मिलाना सबसे आम बात है. शुद्ध दूध में अपनी प्राकृतिक गाढ़ापन, फैट और प्रोटीन होते हैं, जो पानी मिलाने पर बदल जाते हैं.
- जांचने का तरीका: एक चिकनी और ढलान वाली सतह (जैसे कांच या टाइल) पर दूध की एक बूंद टपकाएं.
- नतीजा: यदि दूध शुद्ध होगा, तो बूंद एक जगह टिकी रहेगी या सफेद लकीर छोड़ते हुए धीरे धीरे नीचे बहेगी. अगर दूध में पानी मिला हुआ है, तो वह बिना कोई निशान छोड़े तुरंत तेजी से बह जाएगा.
स्टार्च या मांड की जांच (Starch Test)
दूध को गाढ़ा दिखाने और उसकी मात्रा बढ़ाने के लिए अक्सर उसमें स्टार्च (मांड) मिला दिया जाता है, जो पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाता है.
जांचने का तरीका: एक गिलास में थोड़ा सा दूध लें और उसमें आयोडीन सॉल्यूशन (Iodine Solution) की कुछ बूंदें मिलाएं.
नतीजा: यदि दूध का रंग बदलकर नीला (Blue) हो जाता है, तो इसका मतलब है कि दूध में स्टार्च मिलाया गया है. रंग में कोई बदलाव न होने पर दूध सुरक्षित है.
डिटर्जेंट की मिलावट की जांच (Detergent Test)
दूध में झाग और सफेदी लाने के लिए मिलावटखोर इसमें वॉशिंग पाउडर या डिटर्जेंट मिला देते हैं, जो शरीर के आंतरिक अंगों के लिए बेहद टॉक्सिक है.
- जांचने का तरीका: एक पारदर्शी कांच के गिलास में 5 से 10 मिलीलीटर दूध लें. इसमें उतनी ही मात्रा में पानी मिलाएं और तेजी से हिलाएं (Shake करें).
- नतीजा: यदि दूध शुद्ध है, तो बनने वाले बुलबुले तुरंत गायब हो जाएंगे. लेकिन अगर दूध में डिटर्जेंट है, तो साबुन के पानी की तरह एक गाढ़ा और स्थायी झाग (Froth) बन जाएगा.
सिंथेटिक दूध की पहचान (Synthetic Milk Test)
केमिकल, साबुन और चूने जैसी चीजों को मिलाकर बनाया गया सिंथेटिक दूध सेहत के लिए जहर समान है. इसकी पहचान आप तीन तरह से कर सकते हैं:
- सूंघकर (Smell Test): थोड़े से दूध को गर्म करें. शुद्ध दूध में हल्की और मीठी महक होती है, जबकि सिंथेटिक दूध से साबुन या डिटर्जेंट जैसी तीखी गंध आती है.
- चखकर (Taste Test): सिंथेटिक दूध का स्वाद सामान्य से अलग, थोड़ा कड़वा या साबुन जैसा महसूस होता है.
- गर्म करके (Heating Test): सिंथेटिक दूध को उबालने पर वह असामान्य रूप से गाढ़ा हो जाता है या उसका रंग हल्का पीला पड़ने लगता है.
यूरिया की जांच (Urea Test)
दूध में फैट और सॉलिड्स (SNF) की मात्रा को कृत्रिम रूप से बढ़ाने के लिए खुले दूध में यूरिया मिलाया जाता है, जो किडनी के लिए बहुत खतरनाक है.
- जांचने का तरीका: एक परखनली या पारदर्शी बर्तन में 5 मिलीलीटर दूध लें. इसमें ब्रोमोथाइमोल ब्लू रिएजेंट डालें या लिटमस पेपर को आधा डुबोएं.
- नतीजा: यदि दूध में यूरिया की मिलावट होगी, तो लिटमस पेपर या दूध का रंग नीला हो जाएगा. शुद्ध दूध में रंग नहीं बदलता.
फॉर्मेलिन की जांच (Formalin Test)
दूध को लंबे समय तक फटने से बचाने और उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए उसमें फॉर्मेलिन नामक प्रिजर्वेटिव मिलाया जाता है, जो एक कार्सिनोजेनिक यानी कैंसर पैदा करने वाला तत्व है.
- जांचने का तरीका: 10 मिलीलीटर दूध को एक कांच के बर्तन में लें. अब बर्तन की दीवारों के सहारे धीरे से सांद्र सल्फ्यूरिक एसिड की 2 बूंदें डालें.
- नतीजा: जहां दोनों लिक्विड मिलते हैं, अगर वहां नीले या बैंगनी रंग का छल्ला बनता है, तो इसका मतलब ये है कि दूध में फॉर्मेलिन मौजूद है. शुद्ध दूध में कोई छल्ला नहीं बनता.
यह भी पढ़ें- क्या मकान मालिक बिना बताए आपके फ्लैट में घुस सकता है? जानिए- प्राइवेसी और रेंट से जुड़े ये जरूरी कानून
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप घर बैठे-बैठे अपने घर आ रहे दूध की जांच कर आप अपनी अपने परिवार के सदस्यों के सेहत की रक्षा कर सकते है.
यह भी पढ़ें- क्या RBI के MANI App से पहचाने जा सकते हैं नकली नोट? जानिए इस ऐप की असली हकीकत और फीचर्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं