How to Book Entire Train or Specific Coaches in India: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में देखा जा रहा है कि कैसे एक मारवाड़ी परिवार ने शादी में जाने के लिए पूरी ट्रेन का एक कोच ही बुक कर लिया, जिसके बाद पूरा ट्रेन कोच 'चलती-फिरती बारात' में बदल गया. वायरल वीडियो में परिवार के लोग नाचते-गाते, जश्न मनाते और दुल्हन के साथ केक काटते नजर आए. अब, इस वीडियो के बाद लोगों के मन में कई सवाल हैं. कुछ लोग इस अनोखे अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ ने इसपर सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. ऐसे में आपको बता दें कि भारत में पूरा ट्रेन कोच या पूरी ट्रेन बुक करना बिल्कुल वैध और आधिकारिक सुविधा है, जिसे Indian Railways और IRCTC के जरिए लिया जा सकता है. आइए जानते हैं इसका आसान प्रोसेस-
भारत में पूरी ट्रेन या कोच बुक करने का प्रोसेस
अगर आप भी किसी शादी, धार्मिक यात्रा या ग्रुप टूर के लिए ट्रेन का पूरा कोच या ट्रेन बुक करना चाहते हैं, तो इसके लिए FTR (Full Tariff Rate) सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है.
कहां से करें बुकिंग?इसके लिए आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से बुकिंग कर सकते हैं.
- ऑनलाइन बुक करने के लिए आपको IRCTC की FTR वेबसाइट (ftr.irctc.co.in) पर जाना होगा.
- वहीं, ऑफलाइन बुकिंग रेलवे स्टेशन के UTS काउंटर या स्टेशन मास्टर के पास जाकर की जा सकती है.
ट्रेन का पूरा कोच या ट्रेन बुक करने के लिए यात्रा से अधिकतम 6 महीने पहले और कम से कम 30 दिन पहले आवेदन जरूरी है.
बुकिंग का तरीका- अपनी यात्रा की पूरी डिटेल (रूट, तारीख, कोच की संख्या) भरनी होती है.
- इसके बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलता है.
- नंबर मिलते ही तय समय (6 दिन के अंदर) में पेमेंट करना जरूरी होता है.
- पेमेंट के बाद आपका FTR नंबर जनरेट होता है.
- एक यात्रा में आप अधिकतम 10 कोच बुक कर सकते हैं.
- वहीं, पूरी ट्रेन बुक करने के लिए आप अधिकतम 24 कोच (2 SLR सहित) के लिए आवेदन दे सकते हैं.
- जानकारी के मुताबिक, एक कोच के लिए लगभग 50,000 रुपये (7 दिन तक)
- 7 दिन से ज्यादा पर अतिरिक्त 10,000 रुपये प्रति दिन और
- पूरी ट्रेन के लिए न्यूनतम करीब 9 लाख रुपये (18 कोच के हिसाब से) का भुगतान करना होता है.
बुकिंग करने से कोच मिलना गारंटी नहीं है, यह उपलब्धता पर निर्भर करता है. साथ ही कैंसिलेशन पर रिफंड नियम रेलवे के अनुसार होता है.
ऐसे में अगर आप भी अपनी यात्रा को खास बनाना चाहते हैं, तो ट्रेन का कोच या पूरी ट्रेन बुक करना एक सुविधाजनक ऑप्शन हो सकता है. बस सही समय पर प्लानिंग और प्रक्रिया की जानकारी होना जरूरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं