Domestic Flight Alcohol Rules India: गोवा, मनाली या किसी यात्रा से लौटते समय पसंदीदा वाइन, व्हिस्की या फेनी साथ लाना आम बात है. दरअसल, भारत में घरेलू उड़ानों (Domestic Flights) के दौरान शराब साथ ले जाने की अनुमति है, लेकिन इसके लिए एक मात्रा और अल्कोहल प्रतिशत से जुड़े सख्त नियम बनाए गए हैं. इस नियम में सबसे प्रमुख नियम 5 लीटर प्रति यात्री की सीमा का है. अगर आप अपनी हवाई सफर के दौरान शराब की बोतलें साथ ला रहे हैं, तो एयरलाइन के नियमों का पालन करना जरूरी है, ताकि सुरक्षा जांच के वक्त कोई दिक्कत न हो.
24 से 70 प्रतिशत ABV वाली शराब के लिए है 5 लीटर की सीमा
व्हिस्की, वोदका, रम, फेनी जैसे शराब जिसमें अल्कोहल की मात्रा 24 से 70 प्रतिशत (ABV) के बीच होती है, एक यात्री उसकी 5 लीटर ले जा सकता है. यह शराब केवल आपके मुख्य सूटकेस में ही रखी जा सकती है. बोतलें अपनी मूल रिटेल पैकिंग में सील बंद होनी चाहिए. अगर किसी पेय पदार्थ में अल्कोहल की मात्रा 70 प्रतिशत से अधिक है, तो उसे सुरक्षा कारणों से फ्लाइट में ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है.
बीयर और वाइन के लिए है अलग नियम
जिन पेय पदार्थों में अल्कोहल की मात्रा 24 प्रतिशत से कम होती है, जैसे बीयर या कुछ वाइन ऐसे पेय पदार्थों के लिए चेक्ड-इन बैगेज में इनकी मात्रा पर कोई विशेष सुरक्षा प्रतिबंध नहीं है. हालांकि, एयरलाइन के चेक्ड-इन बैगेज वजन की सीमा लागू होगी. अगर कुल वजन तय सीमा से अधिक होता है, तो अतिरिक्त बैगेज शुल्क देना पड़ सकता है.
फ्लाइट के अंदर नहीं पी सकते हैं अपनी शराब
भारत में किसी भी घरेलू उड़ान के दौरान यात्री फ्लाइट के अंदर खुद साथ लाई गई शराब का सेवन नहीं कर सकते. ऐसा करना एविएशन नियमों का उल्लंघन माना जाता है.
केबिन बैगेज में ले जा सकते हैं या नहीं
आम तौर पर घरेलू उड़ानों में हैंड बैग या केबिन बैगेज में शराब ले जाने की अनुमति नहीं होती है. हालांकि, कुछ एयरलाइंस जैसे इंडिगो या अकाशा एयर सुरक्षा जांच के बाद एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया से खरीदी गई शराब को सीलबंद ओरिजिनल पैकिंग में ज्यादा से ज्यादा एक लीटर तक केबिन बैग में ले जाने की छूट देती हैं.अगर आप इंटरनेशनल कनेक्टिंग फ्लाइट से आए हैं और डोमेस्टिक फ्लाइट ले रहे हैं, तो भी डोमेस्टिक सेक्टर के लिए शराब को चेक्ड-इन बैग में ट्रांसफर करना होता है.
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ के बाद भी इस तारीख तक चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें, टिकट बुकिंग भी हुई शुरू, जल्दी रिजर्व कर लें अपनी सीट
खुली हुई बोतलें या प्लास्टिक री-पैकिंग सख्त मना
यात्रा के दौरान खोली गई शराब की बोतलें फ्लाइट में नहीं ले जाई जा सकतीं. इसके साथ ही जगह बचाने या वजन कम करने के लिए व्हिस्की या फेनी को किसी प्लास्टिक की बोतल में ट्रांसफर करके ले जाने की भी इजाजत नहीं है. बोतल का सील बंद और रिटेल पैक होना जरूरी है. अगर आप हवाई यात्रा के दौरान शराब ले जा रहे हैं, तो कांच की बोतलों को अपने कपड़ों के बीच या बबल रैप में अच्छी तरह से लपेटकर रखें, ताकि बैग ले जाते समय वे टूटे नहीं. इसके साथ ही चेक-इन काउंटर पर अपने बैग के लिए Fragile टैग मांगें, क्योंकि नुकसान होने पर एयरलाइन की जवाबदेही सीमित होती है.
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ के बाद भी इस तारीख तक चलेंगी 6 स्पेशल ट्रेनें, टिकट बुकिंग भी हुई शुरू, जल्दी रिजर्व कर लें अपनी सीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं