विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिली बड़ी सौगात, बनेगा पहला ई-बस डिपो और 12 नए चार्जिंग स्टेशन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-12 में शहर का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाया जाएगा. डिपो को इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां करीब 100 इलेक्ट्रिक बसों को खड़ा किया जा सके और उनकी चार्जिंग भी की जा सके.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिली बड़ी सौगात, बनेगा पहला ई-बस डिपो और 12 नए चार्जिंग स्टेशन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनेगा पहला ई-बस डिपो
(P.C- NDTV)

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है. औेद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-12 में शहर का पहला इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाया जाएगा. इस डिपो से न केवल ई-बसों के संचालन होगा, बल्कि यहां बसों की चार्जिंग की भी आधुनिक व्यवस्था होगी.

100 ई-बसों के लिए तैयार होगा नया डिपो

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नियोजन विभाग ईकोटेक-12 में डिपो के लिए जमीन तलाश रहा है. प्रस्तावित डिपो को इस तरह विकसित किया जाएगा कि यहां करीब 100 इलेक्ट्रिक बसों को खड़ा किया जा सके और उनकी चार्जिंग भी की जा सके. फिलहाल नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में कुल 100 ई-बसें संचालित हो रही हैं. इनमें नोएडा में 50 और ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के पास 25-25 बसें हैं.

चार्जिंग की समस्या होगी दूर

अभी ग्रेटर नोएडा की ई-बसों को चार्जिंग के लिए कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. बसों को रोज सुबह गाजियाबाद के मोहन नगर से चार्ज होकर आना पड़ता है. इस समस्या को दूर करने के लिए बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है. नया डिपो बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी.

12 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी बनेंगे

ई-बस सेवा को मजबूत करने के लिए ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट में अगले 10 से 15 दिनों के अंदर 12 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे. इनमें कासना बस डिपो में 5 चार्जिंग स्टेशन, सिटी पार्क के पास 2 स्टेशन और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 5 नए स्टेशन बनाए जाएंगे. अभी शहर में सिटी पार्क, एक्सपो मार्ट नॉलेज पार्क और तिलपता में चार्जिंग स्टेशन हैं.

यात्रियों की जरूरत के अनुसार बदलेंगे बस रूट

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया, अभी ग्रेटर नोएडा से चलने वाली सभी ई-बसें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाती हैं. हालांकि, शुरुआती 10 दिनों के संचालन में एयरपोर्ट रूट पर यात्रियों की संख्या सबसे कम रही थी, इसी वजह से अब सर्वे कर नए रूट तय किए जाएंगे. प्रस्ताव है कि बसें मोहन नगर से शुरू होकर वसुंधरा, इंदिरापुरम, कनावनी, दादरी और अधिक आबादी वाले सेक्टरों को जोड़ें. अगले एक-दो दिनों में नई समय सारणी और रूट जारी किए जा सकते हैं.

यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

यूपीएसआरटीसी के अनुसार ई-बसें सुबह 4:30 बजे से चलती हैं और 15 से 30 मिनट के अंतराल पर सेवा उपलब्ध है. नया डिपो, अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन और नए रूट लागू होने के बाद यात्रियों को ज्यादा सुविधाजनक सेवा मिलेगी.

यह भी पढ़ें- झारखंड में 8 लाख राशन कार्ड हो सकते हैं रद्द, आपका नाम भी तो लिस्ट में नहीं? जानें किन लोगों पर है कार्रवाई का खतरा
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com