LPG Cylinder: देश में एलपीजी गैस को लेकर हाल के दिनों में कई बदलाव देखने को मिले हैं. खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के कारण सप्लाई चेन पर हल्का असर पड़ा है. इसी बीच Ministry of Petroleum and Natural Gas की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने एक बार फिर ये साफ किया है कि एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. हालांकि, सिलेंडर की डिलीवरी में थोड़ी देरी जरूर हो रही है.
अब कितने दिनों में होगी सिलेंडर की डिलीवरी?
मीडिया से हुई बातचीत के दौरान सुजाता शर्मा ने बताया, पहले के मुकाबले सिलेंडर की डिलीवरी में थोड़ी देरी हुई है. पहले जहां सिलेंडर की डिलीवरी 2 से 3 दिनों में हो जाती थी, अब इसमें 4 से 5 दिन का समय लग सकता है. यानी अब आपके पास 2 दिन देरी से सिलेंडर पहुंत सकता है. डिलीवरी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए अब OTP (वन-टाइम पासवर्ड) सिस्टम अनिवार्य कर दिया गया है. उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे OTP केवल डिलीवरी बॉय को ही बताएं, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके.
क्यों हो रही डिलीवरी में देरी?सुजाता शर्मा के अनुसार, इसका मुख्य कारण गैस की कमी नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही पैनिक बुकिंग है. हाल ही में देखा गया है कि कई लोग सिलेंडर खत्म होने से पहले ही बुकिंग कर रहे हैं, जिससे बुकिंग में करीब 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है. इससे सप्लाई सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है. इसी वजह से डिलीवरी में देरी हो रही है. हालांकि, यह देरी अस्थायी है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.
कितने दिनों में बुक कर सकते हैं LPG सिलेंडर?
बुकिंग नियमों की बात करें तो शहरी क्षेत्रों में एक सिलेंडर लेने के बाद अगली बुकिंग 25 दिन बाद ही की जा सकती है. वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन तय की गई है. यह नियम सभी उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू है.
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत के गैस बुकिंग न करें. देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. यानी सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह की कमी की कोई संभावना नहीं है. समझदारी और संयम बनाए रखने से ही सप्लाई सिस्टम सुचारु रूप से चलता रहेगा और सभी को समय पर गैस मिलती रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं