Gold Silver Price Today: वैश्विक स्तर पर बढ़ती भू राजनीतिक अनिश्चितताओं और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच जहां शेयर बाजार बिकवाली के दबाव में जूझ रहा है, वहीं सुरक्षित निवेश (Safe Haven) माने जाने वाले सोने और चांदी में इस सप्ताह जबर्दस्त तेजी देखने को मिली है. एक सप्ताह के भीतर सोने के भाव में ₹2,000 से ज्यादा और चांदी की कीमतों में ₹6,000 से ज्यादा का भारी उछाल आया है. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत इस सप्ताह ₹2,622 की बढ़त के साथ ₹1,43,781 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जो इससे पिछले हफ्ते ₹1,41,159 प्रति 10 ग्राम थी.
सोने का ताजा भाव
बुलियन मार्केट में आई इस हालिया तेजी के बाद सोने के अलग-अलग कैरेट के दामों में बड़ा बदलाव दर्ज किया गया है. देश में इस वक्त 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत में ₹2,622 की जोरदार तेजी दर्ज की गई है, जिसके साथ ही इसका भाव ₹1,41,159 के पिछले बंद स्तर से बढ़कर अब ₹1,43,781 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. इसी तरह, गहनों में इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी उछाल देखा गया है. इसका भाव ₹1,29,302 के पिछले बंद स्तर से बढ़कर ₹1,31,703 प्रति 10 ग्राम हो गया है. इसके अलावा, 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी तेजी आई है और यह ₹1,05,869 के पिछले बंद भाव से उछलकर ₹1,07,836 प्रति 10 ग्राम पर आ गया है.
हफ्ते भर ऐसे बढ़ती-घटती रही सोने की कीमत
इस हफ्ते सोने की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. हफ्ते की शुरुआत में, यानी 20 जुलाई के सुबह के सत्र में सोना ₹1,41,915 प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गया था, जो इस सप्ताह का न्यूनतम स्तर रहा. हालांकि, इसके बाद बाजार में तेजी का रुख देखने को मिला और 23 जुलाई के सुबह के सत्र में सोने की कीमत बढ़कर ₹1,45,557 प्रति 10 ग्राम के अपने हफ्ते के शिखर पर पहुंच गई.
चांदी में भी आई जोरदार तेजी
सोने के नक्शेकदम पर चलते हुए चांदी की कीमतों में भी बड़ी बढ़त देखने को मिली है. इस हफ्ते चांदी की कीमत ₹6,974 बढ़कर ₹2,22,721 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है, जो पहले ₹2,15,474 प्रति किलो था. इससे पहले 22 जुलाई के सुबह के सत्र में चांदी ₹2,26,238 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर दर्ज की गई थी. हालांकि, 24 जुलाई की सुबह एक बार फिर से यह घटकर ₹2,19,556 प्रति किलो के स्तर पर आई. इसके साथ ही, शुक्रवार को चांदी का भाव ₹2,40,000 प्रति किलोग्राम है. आपको बता दें कि भारत में चांदी की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के दामों से तय होती हैं, जिनमें लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चमका सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) की बात करें, तो वैश्विक मंच पर सोना $4,055 प्रति औंस और चांदी $58 प्रति औंस के ऐतिहासिक स्तरों के आसपास कारोबार कर रही है. भारत में शुक्रवार को 99.9% शुद्धता वाला 24 कैरेट सोने की कीमत ₹14,493 प्रति ग्राम रहा. वहीं, 91.6% शुद्धता वाला 22 कैरेट सोने का भाव ₹13,285 प्रति ग्राम और 75% शुद्धता वाले 18 कैरेट सोने की कीमत ₹10,870 प्रति ग्राम रही.
क्यों भाग रहे हैं सोने चांदी के दाम? एक्सपर्ट्स की राय
कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने और चांदी की कीमतों में तेजी की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर बढ़ता तनाव और अमेरिका-ईरान युद्ध की स्थिति है. जब भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध या अनिश्चितता का माहौल बनता है, निवेशक शेयर बाजार जैसे जोखिम भरे एसेट्स से पैसा निकालकर सोने में निवेश करना सुरक्षित समझते हैं. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अगले हफ्ते आने वाला अमेरिकी फेडरल रिजर्व (US Fed) का ब्याज दरों से जुड़ा फैसला बुलियन मार्केट की आगे की दिशा तय करने में बेहद अहम भूमिका निभाएगा.
वैश्विक चिंताओं से शेयर बाजार पस्त
एक तरफ जहां सोने-चांदी की चमक बढ़ी है. वहीं, दूसरी तरफ वैश्विक महंगाई की आशंकाओं, कच्चे तेल (Crude Oil) की आसमान छूती कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण भारतीय शेयर बाजार में पूरे हफ्ते बिकवाली का दबदबा रहा. बीते एक हफ्ते में बीएसई सेंसेक्स (Sensex) में 2.68 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी (Nifty) में 2.33 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन निफ्टी 50 0.43% गिरकर 23,767 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 331 अंक (0.43%) टूटकर 76,059 के स्तर पर बंद हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं