E-Challan From Toll Plaza: देश में हर दिन लाखों वाहन एक्सप्रेसवे और हाईवे से गुजरते हैं. सड़कों का नेटवर्क बेहतर हुआ है और सफर पहले से तेज और आरामदायक बन गया है. लेकिन अब नियम भी सख्त हो गए हैं. इसी के चलते अगर आपकी गाड़ी के जरूरी कागज पूरे नहीं हैं या उनकी वैधता खत्म हो चुकी है, तो टोल प्लाजा पर ही आपका चालान कट सकता है. आइए जानते हैं पूरी जानकारी-
Croma पर 45,000 रुपये में मिल रहा iPhone 17, यहां जान लें खरीदने के 3 कारण और नहीं खरीदने का 1 कारण
किन गाड़ियों का कटेगा चालान?
उत्तर प्रदेश के प्रमुख एक्सप्रेसवे पर ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू किया जा रहा है. इसके तहत टोल प्लाजा पर हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे वहां से गुजरने वाली हर गाड़ी की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे. इसके बाद वाहन की जानकारी केंद्रीय डेटाबेस से मिलाई जाएगी.
सिस्टम तुरंत यह जांच करेगा कि गाड़ी का बीमा वैध है या नहीं, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC) अपडेट है या नहीं, फिटनेस सर्टिफिकेट की अवधि खत्म तो नहीं हुई और परमिट सही है या नहीं. अगर किसी भी दस्तावेज में गड़बड़ी पाई गई, तो सिस्टम अपने आप ई-चालान जारी कर देगा. पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटेड है, यानी इसमें किसी कर्मचारी को अलग से हस्तक्षेप करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. शुरुआत बड़े रूट से की जा रही है और धीरे-धीरे इसे अन्य हाईवे पर भी लागू किया जाएगा.
अब सवाल है कि किन मामलों में चालान कटेगा और कितना जुर्माना लगेगा?- अगर गाड़ी का बीमा वैध नहीं है, तो लगभग 2000 रुपये तक का चालान हो सकता है.
- पॉल्यूशन सर्टिफिकेट नहीं होने पर करीब 10,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है.
- फिटनेस सर्टिफिकेट की कमी पर पहली बार 5000 रुपये और दोबारा गलती करने पर 10,000 रुपये तक की पेनल्टी लग सकती है.
- इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन चलाने पर भी करीब 10,000 रुपये का जुर्माना तय है.
चालान सीधे वाहन मालिक के नाम पर दर्ज होगा और इसकी जानकारी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी. इसलिए यह भी जरूरी है कि आपकी गाड़ी की रजिस्ट्रेशन डिटेल्स और मोबाइल नंबर अपडेट हों.
क्या करें?परेशानी से बचने के लिए सफर से पहले अपने सभी दस्तावेज ऑनलाइन चेक कर लें. बीमा, पॉल्यूशन और फिटनेस की एक्सपायरी डेट जरूर देखें और समय पर रिन्यू कराएं. अब सिर्फ टोल टैक्स भर देने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि डिजिटल सिस्टम हर जानकारी तुरंत पकड़ लेगा.
अगर चालान कट गया, तो उसे समय पर भरना जरूरी है. देर करने पर अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है. इसलिए बेहतर यही है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी गाड़ी के कागजात पूरी तरह सही और अपडेट रखें, ताकि सफर सुरक्षित और बिना किसी झंझट के पूरा हो सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं