विज्ञापन

15 अगस्‍त को पतंग उड़ाने वाले सावधान, जा सकती है जान! दिल्‍ली वाले पतंगबाज पढ़ लें ये एडवाइजरी

अगर आप दिल्ली मेट्रो के आसपास पतंग उड़ाने का प्लान कर रहे हैं, तो DMRC की ओर से जारी एडवाइजरी जरूर पढ़ लें. ताकि इस दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके. यहां जानते हैं पूरी एडवाइजरी-

15 अगस्‍त को पतंग उड़ाने वाले सावधान, जा सकती है जान! दिल्‍ली वाले पतंगबाज पढ़ लें ये एडवाइजरी
DMRC Advisory : 15 अगस्त के आसपास पतंग उड़ाने को लेकर जारी की एजवाइजरी
NDTV graphics

15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पतंगबाजी का अपना अलग ही उत्साह होता है. कई लोगों के लिए आसमान में उड़ती पतंग आजादी और जश्न का प्रतीक होती है. हालांकि, अगर आप भी इस स्वतंत्रता दिवस पर पतंग उड़ाने की तैयारी कर रहे हैं, तो दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की एडवाइजरी जरूर जान लें. मेट्रो ट्रैक और ओवरहेड बिजली लाइनों के आसपास पतंग उड़ाना खतरनाक साबित हो सकता है. ऐसे में DMRC ने लोगों से कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है. यहां जानते हैं कि पतंग उड़ाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

मेट्रो कॉरिडोट और ट्रैक के पास न उड़ाएं पतंग

DMRC ने लोगों से अपील की है कि 15 अगस्त के आसपास पतंग उड़ाते समय विशेष सावधानी बरतें. दिल्ली-एनसीआर में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क करीब 416 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जिसकी अधिकांश लाइनें एलिवेटेड हैं. इन ट्रैकों के ऊपर 25,000 वोल्ट क्षमता वाली ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तारें लगी होती हैं. ऐसे में पतंग की डोर बिजली की इन तारों में फंस सकती है या चलती मेट्रो के पैंटोग्राफ से उलझ सकती है.

इससे न सिर्फ मेट्रो सेवाएं बाधित हो सकती हैं, बल्कि ओएचई सिस्टम और ट्रेन के पैंटोग्राफ को भी नुकसान पहुंच सकता है. इसलिए DMRC ने लोगों से मेट्रो कॉरिडोर और ट्रैक के आसपास पतंग न उड़ाने की सलाह दी है.

मेटल वाली मांझा ले सकती है जान

DMRC ने चेतावनी दी है कि मेटल वाली मांझा का इस्तेमाल काफी खतरनाक साबित हो सकता है. अगर ऐसी डोर गलती से बिजली की तारों के संपर्क में आ जाती है, तो करंट लगने का गंभीर खतरा हो सकता है, जिससे पतंग उड़ाने वाले की जान भी जा सकती है. यही कारण है कि DMRC ने लोगों से मेटल या अन्य कंडक्टिव मांझे का इस्तेमाल न करने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है.

एलिवेडेट लाइन के आसपास पतंग न उड़ाने की अपील

DMRC ने लोगों से अपील की है कि मेट्रो की एलिवेटेड लाइन के आसपास पतंग न उड़ाएं. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि पतंग उड़ाने के लिए खुले स्थान और मेट्रो लाइन से दूर जगह का इस्तेमाल करें. 

DMRC की  तैनात की विशेष टीम

DMRC ने पतंगों से जुड़ी घटनाओं से निपटने के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं. ये टीमें पतंग की डोर दिखाई देने पर उसे हटाएंगी और संवेदनशील स्टेशनों पर ट्रेन ऑपरेटरों और स्टेशन स्टाफ को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. अपनी सुरक्षा और मेट्रो सेवा को सुचारु रखने के लिए मेट्रो लाइन से दूर पतंग उड़ाएं.

ये भी पढ़ें - दिल्ली मेट्रो का दुनिया में डंका! इस मामले में न्यूयॉर्क, पेरिस और हांगकांग को पछाड़ कर बनी नंबर एक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DMRC, Delhi Metro, Kite, Independance Day, 15 August
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com