- दिल्ली के सबसे बड़े छठ घाट का शुभारंभ.
- 11 किलोमीटर छठ घाट होगा मुनक घाट.
- 5 विधानसभा के लोगों को मिलेगा फायदा.
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़ी तैयारी की गई है. राजधानी दिल्ली में इस साल मुनक नहर के किनारे 11 किलोमीटर लंबा विशाल छठ घाट तैयार किया गया है, जिसे दिल्ली का सबसे लंबा छठ घाट बताया जा रहा है. गुरुवार (12 नवंबर) को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस नवनिर्मित घाट का उद्घाटन करेंगे. दिल्ली सरकार के अनुसार, मुनक नहर का यह हिस्सा सालों से उपेक्षित पड़ा था और चारों ओर गंदगी, मलबे तथा झाड़ियों से घिरा हुआ था. इसे श्रद्धालुओं के योग्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया.
मुनक नहर के इस हिस्से को श्रद्धालुओं के योग्य बनाने के लिए बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया. इस अभियान के दौरान नहर क्षेत्र से करीब 1400 ट्रक मलबा, कचरा और अन्य गंदगी हटाई गई.
घाट को भविष्य के लिए किया जा रहा तैयार
पूरे 11 किलोमीटर क्षेत्र में इस वर्ष छठ पूजा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इसके तहत घाट पर चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. भविष्य के लिए यहां लोगों के बैठने के लिए बेंच, हरियाली और सौंदर्यीकरण के इंतजाम किए जा रहे हैं. नहर में स्वच्छ पानी का प्रवाह सुनिश्चित करने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर फव्वारे भी लगाए जाएंगे.
वहीं नहर के दोनों किनारों के बीच संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए तीन पुल भी बनाए जा रहे हैं. पुलों के निर्माण और हरियाली समेत शेष विकास कार्यों को अगले दो से तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
5 विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से दिल्ली के पांच प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा. विशेष रूप से पूर्वांचल समाज से जुड़े परिवारों को छठ पर्व पर पूजा-अर्चना के लिए स्वच्छ और व्यवस्थित स्थल उपलब्ध हो सकेगा.
छठ पूजा के दौरान व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) के अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें | दिल्ली की हवा पहले से ज्यादा जहरीली, CSE रिपोर्ट में खुलासा, 2026 में प्रदूषण ने तोड़े पिछले सालों के रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं