बदलते मौसम में सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए. क्योंकि सेहत के प्रति जरा सी लापरवाही आपकी तबीयत बिगाड़ सकती है. इस मौसम में अक्सर कई लोगों को गले में दर्द, खराश और जलन की शिकायत करते सुना होगा. दरअसल ये समस्या कई बार ठंडी चीजें खाने से, इंफेक्शन, एलर्जी या लगातार बोलते रहने की वजह से भी गले में खराश या दर्द हो सकता है. कई बार तो गले में दर्द होने पर खाना निगलना तक मुश्किल हो जाता है और दिनभर बेचैनी बनी रहती है. अगर आप भी इस समस्या से राहत पाना चाहते हैं, तो इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं. तो चलिए जानते हैं उन आसान घरेलू उपायों के बारे में
गले के दर्द को दूर करने के लिए अपनाएं ये तरीके-
1. नमक और गुनगुना पानी-
गले की खराश और दर्द के लिए नमक वाले गुनगुने पानी से गरारे करना सबसे आसान घरेलू उपाय में से एक है. एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर दिन में 2 से 3 बार गरारे करें. इससे गले की सूजन कम करने और बैक्टीरिया दूर करने में भी मदद मिल सकती है.
2. शहद-
शहद को पोषण का खजाना कहा जाता है. शहद में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो गले की जलन और दर्द को शांत करने में मदद कर सकते हैं. आप एक चम्मच शहद सीधे खा सकते हैं या फिर गुनगुने पानी में मिलाकर पी सकते हैं.

3. अदरक की चाय-
अदरक में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो संक्रमण और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं. गले में दर्द होने पर अदरक की चाय पीने से राहत मिल सकती है. आप अदरक के टूकड़े को चूसकर भी खा सकते हैं.
4. पूरी नींद लें-
नींद हमारे शरीर के लिए कितनी जरूरी है ये हम सभी जानते हैं. जब शरीर किसी संक्रमण से लड़ रहा होता है तो उसे आराम की जरूरत होती है. पर्याप्त नींद लेने और शरीर को आराम देने से रिकवरी तेज हो सकती है.
डॉक्टर के पास कब जाएं?
अगर ये समस्या बार-बार परेशान कर रही है, तो इसे इग्नोर न करें. गले का दर्द एक सप्ताह से अधिक समय तक बना रहे, तेज बुखार आए, सांस लेने या निगलने में परेशानी हो या गले में ज्यादा सूजन दिखाई दे तो डॉक्टर से जरूर सलाह लें.
ये भी पढ़ें- बार-बार गला क्यों हो जाता है खराब? दवा से पहले अपनाएं डॉक्टर के बताए नुस्खे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं