आशा वर्करों (ASHA Workers) को दोगुनी रकम देने का बड़ा तोहफा दिया गया है. दिल्ली सरकार ने आशा वर्करों को दिए जाने वाले मासिक प्रोत्साहन भत्ता 3000 रुपये से बढ़ाकर 6000 रुपये करने का फैसला किया गया है. यह फैसला सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुए कैबिनेट बैठक में लिया गया है. बताया गया है कि भत्ते में बढ़ोतरी दिल्ली में वर्तमान में कर रही सभी आशा वर्करों पर लागू होगी. जबकि अन्य प्रोत्साहन भत्ते पहले की तरह ही मिलते रहेंगे.
आशा वर्कर हैं महत्वपूर्ण कड़ी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आशा वर्कर दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं. वे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के लिए घरों का दौरा करती हैं, परिवारों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करती हैं और गर्भवती महिलाओं व नई माताओं की देखभाल से जुड़ी सेवाओं में मदद करती हैं. आशा वर्कर्स स्वास्थ्य और पोषण दिवस, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, सर्वेक्षणों और सामुदायिक बैठकों में भी अहम भूमिका निभाती हैं. कोविड-19 महामारी के दौरान भी आशा वर्करों ने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं.
दिल्ली में अभी 6,725 आशा वर्कर काम कर रही हैं. आमतौर पर, हर आशा वर्कर लगभग 2,000 लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है.
मानदेय बढ़ाने की हो रही थी मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार आशा वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग लगातार हो रही थी. यह सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल था और अब इस पर फैसला ले लिया गया है. सीएम ने कहा कि मासिक प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी आशा वर्करों के योगदान को मान्यता देने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे उनके काम के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपनी सेवाएं जारी रखने में मदद मिलेगी. साथ ही, इससे प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी.
आशा वर्कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आशा वर्करों के योगदान को मान्यता देते हुए उनकी आर्थिक सुरक्षा और काम करने की स्थितियों को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. आशा वर्कर घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने, टीकाकरण को बढ़ावा देने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उनके मासिक प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी से उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक उत्साह और समर्पण के साथ निभाने में मदद मिलेगी. इससे उनका मनोबल बढ़ेगा, उनकी सेवाओं में निरंतरता आएगी, और दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ेंः 3000 के पेमेंट पर 12 रुपये, कितने के UPI भुगतान पर किसको देना होगा कितना चार्ज; आपके सभी सवालों के जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं