चारधाम यात्रा के लिए इस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. खासकर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में दर्शन के लिए भारी भीड़ देखने को मिल रही है. कई श्रद्धालुओं को घंटों तक लंबी कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है. इसी बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने VIP और प्रोटोकॉल दर्शन को लेकर नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है. नई SOP का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि VIP दर्शन की व्यवस्था के कारण आम श्रद्धालुओं के दर्शन पर कम से कम असर पड़े और दर्शन प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे.
VIP दर्शन के लिए कितना देना होगा शुल्क?
मंदिर समिति की नई SOP के अनुसार, बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में प्रोटोकॉल या VIP दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं से प्रति व्यक्ति 1100 रुपये की राशि ली जाएगी. शुल्क जमा करने के बाद समिति की ओर से रसीद भी जारी की जाएगी.
कैसे मिलेगी VIP दर्शन की सुविधा?SOP के मुताबिक, जिला प्रशासन या बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर VIP दर्शन की पर्ची जारी की जाएगी. इसी पर्ची के आधार पर श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के साथ दर्शन करवाए जाएंगे. प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में सिंहद्वार के दाहिनी ओर स्थित सीढ़ियों से प्रवेश कराया जाएगा.
वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए भी नियम तयमंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि गेट नंबर-2 से केवल 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, दिव्यांग श्रद्धालु और समिति द्वारा स्वीकृत विशेष श्रेणी के लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा. अगर कोई अन्य व्यक्ति इस सुविधा का गलत तरीके से लाभ लेने की कोशिश करता है, तो उस गेट पर तैनात कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
प्रोटोकॉल कार्यालय भी किया गया शिफ्टनई व्यवस्था के तहत प्रोटोकॉल कार्यालय को मंदिर समिति के नीलकंठ विश्रामगृह में स्थानांतरित कर दिया गया है. सभी संबंधित विभागों और भारतीय सेना के समन्वय अधिकारियों को भी प्रोटोकॉल पर्ची के आधार पर दर्शन व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं.
ऐसे में अगर आप चारधाम यात्रा पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ध्यान रखें कि VIP दर्शन की सुविधा अब निर्धारित प्रक्रिया और शुल्क के तहत ही मिलेगी. अगर आप प्रोटोकॉल या VIP दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो पहले से संबंधित जानकारी प्राप्त कर लें. वहीं, सामान्य श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति का कहना है कि नई SOP से दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारु और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं