बेंगलुरु के यशवंतपुर से गोवा के मडगांव के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने वाली है. ये ट्रेन आपको भारत के सबसे खूबसूरत रेल मार्गों में से एक की सैर भी कराएगी. रेलयात्रियों को पश्चिमी घाट और तटीय कर्नाटक का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा. सकलेशपुर से सुब्रह्मण्य रोड के किनारे से ये ट्रेन गुजरेगी. रेलयात्री हरे-भरे पहाड़ों, धुंध से भरी गहरी घाटियों और शानदार झरनों का अद्भुत नजारा देख सकेंगे. ट्रेन उडुपी और गोकर्ण जैसे पर्यटन स्थलों से भी गुजरेगी. ये ट्रेन बेंगलुरु से गोवा के बीच 670 किलोमीटर की दूरी में 12 प्रमुख स्टेशन पर रुकेगी.
यशवंतपुर-मडगांव वंदे भारत ट्रेन का शेड्यूल
यशवंतपुर से मडगांव वंदे भारत (ट्रेन नंबर 26655)
- प्रस्थान: सुबह 7:35 बजे (यशवंतपुर से)
- आगमन: रात 8:55 बजे (मडगांव गोवा)
- समय: करीब 13 घंटे 20 मिनट
- दिन: बुधवार को छोड़कर सभी 6 दिन
मडगांव से यशवंतपुर (ट्रेन नंबर 26656)
- प्रस्थान: सुबह 8:20 बजे (मडगांव से)
- आगमन: रात 9:15 बजे (यशवंतपुर से)
- कुल समय: करीब 12 घंटे 55 मिनट
- दिन: गुरुवार छोड़कर हफ्ते के सभी 6 दिन
12 बड़े स्टेशन रास्ते में
1. श्रवणबेलगोला (तीर्थस्थल)
2. हासन
3. सकलेशपुर (खूबसूरत हिल स्टेशन)
4. सुब्रह्मण्य रोड (कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर)
5. कबाका पुत्तूर
6. मंगलुरु जंक्शन (तटीय कर्नाटक)
7. उडुपी (प्रसिद्ध मंदिर और खूबसूरत तट)
8. कुंदापुरा
9. मूकम्बिका रोड बायंदूर
10. मुर्देश्वर (दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी शिव प्रतिमा)
11. गोकर्ण रोड (महाबलेश्वर मंदिर के लिए प्रसिद्ध)
12. कारवार (शांत और खूबसूरत बीच टाउन)
देश की सबसे धीमी वंदे भारत एक्सप्रेस
पहाड़ों और घुमावदार घाटियों के बीच ये ट्रेन 53 से 54 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेगी. पहाड़ी रास्तों और दुर्गम ट्रैक के कारण गति को नियंत्रित रखा जाएगा. यह देश की सबसे धीमी गति से चलने वाली वंदे भारत ट्रेनों में से एक होगी. गति धीमी होने से पर्यटकों को घाट और वादियों की खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा.
ये भी पढ़ें - स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों में नहीं मिलेगा तत्काल टिकट! ना फ्लेक्सी फेयर, न डायनेमिक किराया; जानिए कोच और रिजर्वेशन के नए नियम
पर्यटन को बढ़ावा देगी ये ट्रेन
यशवंतपुर-मडगांव ट्रेन से गोकर्ण, उडुपी, मुर्देश्वर और कारवार जाने वाले पर्यटक लाभ उठा सकेंगे. इस ट्रेन के कोच चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री की टेक्नोलॉजी बेंगलुरु की BEMLने तैयार किए हैं. रेलवे बोर्ड जल्द ही इसके परिचालन की तारीख घोषित करेगा. रेलवे ने हाल ही में दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर, मुंबई से बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत हुई है.
ये भी पढ़ें - दिवाली-छठ पर 6 नवंबर को दिल्ली से पटना जाने वाली वंदे भारत में करीब हजार सीटें हैं खाली, फटाफट करें बुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं