- यूपी की ग्रामीण महिलाओं के ले बीसी सखी योजना है.
- स्मार्टफोन चलाने वाली महिलाओं के लिए खास मौका है.
- महिलाओं को हर महीने 4000 रुपये मानदेय दिया जाता है.
ग्रामीण भारत में महिलाओं को आत्मनिर्भर और डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की 'बैंकिंग करॉस्पॉन्डेंट सखी' (BC Sakhi) योजना एक बेहतरीन पहल है. इस योजना के तहत गांवों की पढ़ी-लिखी महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है. जो महिलाएं स्मार्टफोन चलाना जानती हैं और ग्रामीण क्षेत्र में रहकर कमाई करना चाहती हैं, उनके लिए यह एक सुनहरा मौका है. इस योजना में महिलाओं को हर महीने 4000 रुपये मानदेय दिया जाता है.
क्या है बीसी सखी योजना और इसके फायदे?
इस योजना का मुख्य उद्देश्य गांवों तक बैंकिंग सेवाओं को डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है. पात्र चयनित महिलाओं को शुरुआत में छह महीने तक हर महीने 4000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाता है. इसके अलावा, बैंकिंग हार्डवेयर डिवाइस खरीदने के लिए सरकार द्वारा 50000 रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है. 6 महीने की अवधि पूरी होने के बाद, इन सखियों की नियमित कमाई बैंकिंग लेन-देन जैसे पैसे जमा करना, निकालना, लोन दिलाना आदि पर मिलने वाले कमीशन के माध्यम से होती है.
गांव में ही डिजिटल बैंकिंग की कमान
बीसी सखी महिलाएं गांव-गांव जाकर लोगों को बैंक खातों से जुड़ी सेवाएं देती हैं. वे माइक्रो-एटीएम और अन्य आधुनिक डिजिटल उपकरणों की मदद से ग्रामीणों के घर पर ही पैसे निकालने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराती हैं. इससे ग्रामीणों को बैंक जाने की समस्या नहीं होती और महिलाओं को गांव में ही स्थायी रोजगार मिल जाता है.
आवेदन के लिए क्या हैं जरूरी योग्यताएं?
बीसी सखी योजना में आवेदन करने के लिए महिलाओं को कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है. इसके साथ ही आवेदिका स्थानीय स्वयं सहायता समूह (SHG) की सदस्य होनी चाहिए. आवेदन करने वाली महिला को स्मार्टफोन चलाने और डिजिटल उपकरण ऑपरेट करने की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए. आवेदिका उसी ग्राम पंचायत की निवासी होनी चाहिए, जहां के लिए वह आवेदन कर रही है.
कैसे करें आवेदन?
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से BC Sakhi मोबाइल ऐप डाउनलोड करें.
ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और ओटीपी के जरिए लॉग-इन करें.
इसके बाद ऐप में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और Basic Profile पर क्लिक करें.
यहां मांगी गई सभी जरूरी जानकारी नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता, स्वयं सहायता समूह का विवरण भरें.
अपने जरूरी दस्तावेज और फोटो ऐप पर अपलोड करें.
इसके बाद फॉर्म को सबमिट कर दें.
ऐप पर ही आपको आवेदन की स्थिति का पता चलता रहेगा.
यह भी पढ़ें | लाड़ली बहना योजना: छूटी हुई महिलाओं के जुड़ेंगे नाम? फिर खुल सकता है रजिस्ट्रेशन पोर्टल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं