Bank Holiday In July 2026: आज से नए हफ्ते की शुरुआत हो गई है. ऐसे में कई लोग इस हफ्ते बैंक जाकर अपने जरूरी काम निपटाने की सोच रहे होंगे. अगर आप भी कैश जमा करने, चेक जमा करने, केवाईसी कराने, डिमांड ड्राफ्ट बनवाने या किसी दूसरे बैंक के काम से बैंक जाने वाले हैं, तो पहले यह जरूर जान लें कि इस हफ्ते कई दिन बैंक बंद रहने वाले हैं. हालांकि हर राज्य में बैंक की छुट्टियां एक जैसी नहीं होती हैं. कहीं बैंक बंद रहेंगे तो कहीं सामान्य तरीके से काम होगा. इसलिए घर से निकलने से पहले अपने शहर में बैंक खुला है या बंद, यह जरूर चेक कर लें. ऐसा न हो कि आप बैंक पहुंचें और वहां ताला लगा मिले.
13 से 19 जुलाई के बीच कितने दिन बंद रहेंगे बैंक?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 के बीच अलग अलग राज्यों में बैंक कुल चार दिन बंद रहेंगे. इन छुट्टियों में क्षेत्रीय त्योहार, स्थानीय आयोजन और साप्ताहिक छुट्टियां शामिल हैं. देश के सभी सरकारी और प्राइवेट बैंक RBI के इसी कैलेंडर के अनुसार छुट्टियां मानते हैं. ऐसे में RBI बैंक हॉलिडे लिस्ट चेक करना आपके लिए जरूरी है. इससे आपको पहले ही पता लग जाएगा कि कब बैंक बंद है और कब खुला है जिससे आप अपना काम आराम से जाकर करा सकते है.
इस महीने किस दिन और कहां-कहां रहेगी बैंकों की छुट्टी?
- 16 जुलाई, गुरुवार को उत्तराखंड और मणिपुर में हरेला त्योहार के कारण बैंक बंद रहेंगे. इसी दिन ओडिशा में रथ यात्रा की वजह से भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा.
- 17 जुलाई, शुक्रवार को मेघालय में यू तिरोत सिंह की पुण्यतिथि के कारण बैंक बंद रहेंगे.
- 18 जुलाई, शनिवार को सिक्किम में ड्रुकपा त्शे जी त्योहार के चलते बैंक की छुट्टी रहेगी.
- 19 जुलाई, रविवार को पूरे देश में साप्ताहिक छुट्टी रहेगी. इस दिन सभी सरकारी और निजी बैंक बंद रहेंगे.
हफ्ते की शुरुआत में खुले रहेगें बैंक, फटाफट निपटा लें काम
13 जुलाई, 14 जुलाई और 15 जुलाई यानी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को देश के ज्यादातर राज्यों में बैंक सामान्य तरीके से खुले रहेंगे. अगर आपको कैश जमा करना है, चेक क्लियर कराना है, केवाईसी अपडेट करानी है या शाखा जाकर कोई जरूरी काम करना है, तो कोशिश करें कि इन्हें हफ्ते के शुरुआती दिनों में ही पूरा कर लें.
आपको बता दें कि बैंक की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी नहीं होती हैं. कई छुट्टियां सिर्फ कुछ राज्यों के लिए होती हैं. इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर या अपने बैंक की शाखा में छुट्टी है या नहीं, इसकी जानकारी जरूर ले लें.
जुलाई में कुल 12 दिन बंद रहेंगे बैंक
RBI बैंक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, जुलाई 2026 में राष्ट्रीय, धार्मिक, क्षेत्रीय और साप्ताहिक छुट्टियों को मिलाकर कुल 12 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें दूसरे और चौथे शनिवार के साथ महीने के सभी रविवार भी शामिल हैं.जुलाई में 5, 12, 19 और 26 जुलाई को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे. वहीं 11 जुलाई को दूसरे शनिवार और 25 जुलाई को चौथे शनिवार की वजह से भी बैंक शाखाओं में काम नहीं होगा.
बैंक की छुट्टी में भी नहीं अटकेंगे काम, जानें कैसे
अगर बैंक ब्रांच बंद भी है, तब भी आपको बैंकिंग सर्विस के लिए ज्यादा परेशानी नहीं होगी. ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड जैसी सर्विस सामान्य तरीके से चलती रहेंगी. आप किसी भी समय पैसे भेज सकते हैं, पैसे मंगा सकते हैं, बिल भर सकते हैं और दूसरे जरूरी ऑनलाइन काम कर सकते हैं.
इसके अलावा आप NEFT, RTGS, चेकबुक, डिमांड ड्राफ्ट, कार्ड सर्विस, खाते से जुडे फॉर्म, स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन और लॉकर जैसी कई सर्विस के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं. हालांकि, जो काम ब्रांच जाकर ही होगा उसके लिए बैंक खुलने का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं