Petrol Diesel Price on July 13: कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिली है. अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढने और ईरान की तरफ से होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने के दावों के बाद ग्लोबल ऑयल मार्केट में हलचल तेज हो गई है. 13 जुलाई को एशियाई बाजार खुलते ही कच्चे तेल की कीमत 3 फीसदी से ज्यादा चढ गई. ब्रेंट क्रूड करीब 79 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी WTI क्रूड 73.87 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल और डीजल महंगा हो सकता है.
हालांकि, फिलहाल राहत की बात यह है कि सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 13 जुलाई के लिए पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं और देश के ज्यादातर शहरों में आज भी तेल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि कुछ शहरों में पेट्रोल और डीजल के रेट बढे हैं, जबकि कुछ जगहों पर मामूली राहत भी मिली है. ऐसे में अगर आप घर से निकाल कर अपनी गाड़ी में तेल भरवाने जाने की सोच रहे हैं तो जान लीजिए कि आपके शहर में पेट्रोल-डीजल आज सस्ता हुआ या महंगा? यहां जानिए आज अपने शहर में आज पेट्रोल डीजल के भाव पर बिक रहा है..
इन शहरों में आज भी नहीं बदले पेट्रोल-डीजल के दाम
आज नई दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, गुरुग्राम, नोएडा, और चंडीगढ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
- नई दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है.
- गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल 101.96 रुपये और डीजल 95.44 रुपये प्रति लीटर है.
- चंडीगढ में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
इन शहरों में आज महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल
चेन्नई में आज पेट्रोल 1.69 रुपये और डीजल 1.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. इसके बाद यहां पेट्रोल 109.45 रुपये और डीजल 101.26 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
भुवनेश्वर में पेट्रोल 25 पैसे और डीजल 24 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है. यहां पेट्रोल 109.22 रुपये और डीजल 100.92 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
हैदराबाद में पेट्रोल 4 पैसे प्रति लीटर बढा है और अब यहां पेट्रोल 115.73 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. डीजल का रेट 103.82 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है.
इन शहरों में सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल
बेंगलुरु में पेट्रोल 43 पैसे और डीजल 42 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है. इसके बाद यहां पेट्रोल 111.25 रुपये और डीजल 99.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
लखनऊ में पेट्रोल 27 पैसे और डीजल 30 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है. अब यहां पेट्रोल 101.59 रुपये और डीजल 95.06 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
पटना में पेट्रोल 56 पैसे और डीजल 55 पैसे प्रति लीटर सस्ता हुआ है. यहां पेट्रोल 113.37 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
क्या आगे बढ सकते हैं पेट्रोल डीजल के दाम?
अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हमले होने के बाद तेल सप्लाई को लेकर चिंता बढ गई है. ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को अगले आदेश तक बंद रखने की बात कही है. यही वह रास्ता है जहां से दुनिया के करीब 20 फीसदी कच्चे तेल की सप्लाई होती है. अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है और कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढती हैं, तो आने वाले दिनों में भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर असर देखने को मिल सकता है.
भारत के लिए होर्मुज स्ट्रेट क्यों है अहम?
भारत ने पिछले कुछ सालों में कई देशों से कच्चा तेल खरीदना शुरू किया है, जिससे होर्मुज स्ट्रेट पर उसकी निर्भरता पहले के मुकाबले कम हुई है. लेकिन एलपीजी यानी रसोई गैस के मामले में यह रास्ता अब भी बहुत अहम है. भारत अपनी जरूरत का करीब 60 फीसदी एलपीजी आयात करता है और इनमें से करीब 90 फीसदी सप्लाई पहले इसी रास्ते से आती रही है. ऐसे में अगर होर्मुज स्ट्रेट लंबे समय तक बंद रहता है तो तेल के साथ-साथ एलपीजी की सप्लाई और कीमतों पर भी असर पड सकता है.
ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price Today: क्रूड ऑयल 3% उछला, जानिए आज 13 जुलाई को आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं