- आयुष्मान कार्ड की लिमिट खत्म होने पर क्या है विकल्प?
- क्या लिमिट खत्म होने के बाद मुफ्त इलाज हो सकता है?
- आयुष्मान कार्ड में हर साल 5 लाख रुपये की लिमिट मिलती है.
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत (PM-JAY) के तहत देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है. हालांकि, कई लाभार्थियों के द्वारा पूछा जाता है कि अगर एक वित्तीय वर्ष में 5 लाख रुपये की सीमा (Limit) समाप्त हो जाए, तो क्या आगे मुफ्त इलाज बंद हो जाता है? आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये की राशि पूरे परिवार के लिए होती है. इसके तहत परिवार के अलग-अलग सदस्यों को 5-5 लाख रुपये की बीमा नहीं मिलती है.
लिमिट समाप्त होने पर क्या बंद हो जाता है इलाज?
आयुष्मान भारत योजना के नियमानुसार, 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर परिवार के लिए हर साल तय होता है. अगर किसी वित्तीय वर्ष में किसी एक या परिवार के सभी सदस्यों के इलाज में 5 लाख रुपये की पूरी राशि खर्च हो जाती है, तो उस वित्तीय वर्ष की बचे हुए समय के लिए आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज की सुविधा बंद हो जाती है. हालांकि यह लिमिट स्थायी रूप से समाप्त नहीं होती. वहीं नए वित्तीय वर्ष शुरू होते ही 5 लाख रुपये की सीमा अपने आप फिर से रेनुअल हो जाती है.
क्या लिमिट समाप्त होने के बाद भी मिल सकती है मदद?
अगर 5 लाख रुपये की सीमा खत्म हो जाए और मरीज को आगे भी तत्काल इलाज या सर्जरी की आवश्यकता हो, तो कुछ राज्यों में गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, ट्रांसप्लांट या कार्डियक केयर के मामलों में जिला स्वास्थ्य विभाग या राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (SHA) से विशेष परमिशन ली जा सकती है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के स्तर पर फाइल की समीक्षा के बाद अतिरिक्त सरकारी सहायता का प्रावधान हो सकता है.
अगर आयुष्मान लिमिट खत्म हो गई है, तो मरीज 'राष्ट्रीय आरोग्य निधि' (Rashtriya Arogya Nidhi) या संबंधित राज्य के मुख्यमंत्री राहत कोष से वित्तीय मदद के लिए आवेदन कर सकता है.
किन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी
जब तक 5 लाख रुपये की राशि बची है, तब तक लाभार्थी साल में कितनी भी बार अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा सकता है. योजना का लाभ केवल उन्हीं सरकारी और निजी अस्पतालों में मिलता है जो आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध (Empanelled) हैं. इलाज शुरू कराने से पहले अस्पताल में बने आयुष्मान हेल्पडेस्क से कार्ड में बची हुई राशि की जानकारी जरूर लें.
यह भी पढ़ें | यूपी में 14 करोड़ राशन कार्ड धारकों को मिलने वाला है फायदा, मुफ्त राशन के साथ मिलेगा फ्री इलाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं