जब भी हमें कैश की जरूरत होती है या बैंक खाते में पैसे जमा करने होते हैं, तो हम में से अधिकतर लोग एटीएम का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर समझते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह ये है कि ATM का इस्तेमाल करने से बैंक ब्रांचेस की तरह लंबी लाइनों में इंतजार नहीं करना पड़ता, जिससे यह एक सुविधाजनक ऑप्शन बन जाता है. हालांकि, एटीएम का इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना जरूरी है. आपकी छोटी सी लापरवाही भी आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है और साइबर ठगी का शिकार बना सकती है. ऐसे में एटीएम का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों पर जरूर ध्यान दें-
पिन डालते वक्त कीपैड को न छुपाना
एटीएम से जब पैसे निकालने जाएं, तो कार्ड का इस्तेमाल करते समय पिन डालते समय थोड़ा सावधानी बरतें. कोशिश करें कि जब पिन डालें, तो कीपैड को अपने हाथ से ढक लें, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति उसे न देख सके.
अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो आपके पीछे या आसपास खड़ा कोई व्यक्ति आपका एटीएम पिन जान सकता है, जिससे आपके बैंक खाते की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.
कार्ड स्लॉट की जांच किए बिना कार्ड लगा देना
अक्सर हम में से कई लोग बिना कार्ड स्लॉट देखे, कार्ड लगा देते हैं. ऐसा करने से आपके बैंक अकाउंट से पैसे उड़ सकते हैं. दरअसल, कई बार साइबर ठग एटीएम मशीन में स्किमिंग डिवाइस या नकली कार्ड रीडर लगा देते हैं, जो आपके कार्ड की जानकारी चोरी कर सकते हैं. इसलिए कार्ड स्लॉट देखे बिना अपना कार्ड न डालें.
अनजान लोगों से मदद लेना, जो सबसे ज्यादा है रिस्की
कई बार बड़े-बुजुर्ग एटीएम का इस्तेमाल करते समय आसपास खड़े अनजान व्यक्ति से मदद लेने लग जाते हैं. ऐसे में उन्हें ठग का शिकार होना पड़ सकता है. दरअसल, कई बार ठग मदद के बहाने आपका एटीएम कार्ड, पिन या बैंकिंग से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी हासिल कर लेते हैं.
ऐसे में अगर आपको एटीएम मशीन का इस्तेमाल करते समय किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो अनजान व्यक्ति के बजाय बैंक कर्मचारी से बात करें.
ये भी पढ़ें - UPI ने भारत में कैसे लगाई VISA और MasterCard को चपत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं