- इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस का संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त बहुभाषी होता है.
- जापान, दक्षिण कोरिया, इटली, स्पेन जैसे देशों में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस सीधे स्वीकार नहीं किया जाता है.
- आईडीपी के लिए वैध भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, वीजा, मेडिकल सर्टिफिकेट और फोटो आवश्यक दस्तावेज हैं.
International Driving Permit Online 2026: इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (IDP) कोई नया लाइसेंस नहीं है, बल्कि यह किसी चालक के भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस का संयुक्त राष्ट्र (UN) की ओर से मान्यता प्राप्त आधिकारिक बहुभाषी अनुवाद होता है. कई लोकप्रिय वैश्विक पर्यटन स्थल भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस को स्वीकार करते हैं, बशर्ते वह अंग्रेजी में छपा हो और उस पर फोटो स्पष्ट हो, लेकिन नीचे दर्ज कुछ परिस्थितियों में चालक के पास आईडीपी होना जरूरी हो जाता है.
जापान, दक्षिण कोरिया, इटली, स्पेन और ग्रीस जैसे देशों में भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस सीधे स्वीकार नहीं किया जाता. हालांकि, जर्मनी और फ्रांस जैसे देश भारतीय लाइसेंस को अस्थायी रूप से स्वीकार तो करते हैं, लेकिन वहां स्थानीय भाषा में अनुवाद कराना काफी महंगा और पेचीदा होता है. ऐसे में भारत से ही आईडीपी ले जाना एक आसान विकल्प है. भले ही किसी देश का कानून भारतीय लाइसेंस की अनुमति देता हो, लेकिन कई कार रेंटल कंपनियां बिना आईडीपी के पर्यटकों को चाबी सौंपने से साफ इनकार कर देती हैं.
आईडीपी आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
- ओरिजिनल वैध भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस जो एक्टिव स्थिति में हो.
- कम से कम 6 महीने की वैधता वाला पासपोर्ट.
- उस देश का वीजा जहां आप यात्रा करने जा रहे हैं या कंफर्म एयर टिकट.
- किसी रजिस्टर्ड एमबीबीएस डॉक्टर का साइन किया हुआ मेडिकल सर्टिफिकेट.
- पासपोर्ट साइज फोटो और डिजिटल सिग्नेचर पहले से रख लेना चाहिए.
IDP के लिए ऐसे करें घर बैठे ऑनलाइन आवेदन
अब आपको आईडीपी बनवाने के लिए दलालों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं है. आप सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल से आसानी से आवेदन कर सकते हैं.
- आधिकारिक परिवहन सारथी पोर्टल खोलें और अपना राज्य चुनें.
- इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट के लिए आवेदन के विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और जन्म तिथि दर्ज करके प्रोफाइल ऑथेंटिकेट करें.
- फॉर्म में अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की तारीख, गंतव्य देश और वीजा विवरण दर्ज करें.
- अपना पासपोर्ट, वीजा, मेडिकल सर्टिफिकेट और फोटो अपलोड करें.
- आईडीपी जारी करने का निर्धारित सरकारी फीस 1,000 ऑनलाइन जमा करें.
- कुछ मामलों में सत्यापन के लिए नजदीकी आरटीओ जाना पड़ सकता है, जिसके बाद आपका आईडीपी स्पीड पोस्ट के जरिए या आरटीओ से जारी कर दिया जाता है.
यह भी पढ़ें- इस कॉल के लिए अब हर मिनट देने होंगे 5 पैसे, ट्राई के नए नियम की क्यों हो रही है इतनी चर्चा
IDP से जुड़े मुख्य नियम
| मापदंड | नियम और दिशा-निर्देश |
| सरकारी फीस | 1,000 रुपये (ऑनलाइन ) |
| वैधता | जारी होने की तारीख से 1 वर्ष |
| अप्लाई करने का समय | यात्रा की तारीख से 15-20 दिन पहले आवेदन करना बेहतर |
| आवेदन का माध्यम | परिवहन सारथी' पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन |
यह भी पढ़ें- घर बैठे चेक करें राशन कार्ड से आधार लिंक का स्टेटस, जानिए ईकेवाईसी कराने की पूरी प्रक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं