Amrit Udyan Opening Date 2026: अगर आप वीकेंड पर दिल्ली में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए काफी जरूरी हो सकती है. दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'अमृत उद्यान समर एनुअल्स एडिशन 2026' का उद्घाटन किया. इसके चलते अमृत उद्यान आज यानी 16 अगस्त से आम जनता के लिए खुल गया गया है. समर एनुअल्स के दौरान अमृत उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा और आखिरी एंट्री शाम 5 बजे होगी. वहीं, मेंटेनेंस के काम के लिए उद्यान हर सोमवार को बंद रहेगा.
फ्री होगी एंट्री
अमृत उद्यान घूमने के लिए आपको किसी तरह की फीस नहीं देनी होगी. हालांकि, विजिटर्स को विजिट करने से पहले https://rashtrapatibhavan.gov.in पर अपने एंट्री स्लॉट ऑनलाइन बुक करने होंगे. साथ ही किसी खास दिन के लिए स्लॉट की बुकिंग एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी और मौके पर कोई बुकिंग नहीं होगी. एंट्री की बात करें तो विजिटर्स के लिए एंट्री और एग्जिट नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास बने गेट नंबर 35 से होगा.
विजिटर्स को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
अमृत उद्यान में विजिटर्स की सुविधा के लिए, घूमने के रास्ते में पीने के पानी के स्टॉल, फर्स्ट एड पोस्ट, बारिश से बचने की जगह और टॉयलेट जैसी सुविधाएं होंगी. साथ ही सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के एंट्री पॉइंट तक हर 30 मिनट के अंतराल पर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच शटल बस सर्विस भी उपलब्ध होगी.
विजिटर्स के लिए तय आम रास्ते में बाल वाटिका, प्लमेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोन्साई गार्डन, बैबलिंग ब्रुक, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल हैं. फूलों की कई किस्मों के अलावा विजिटर्स बैबलिंग ब्रुक (झरनों वाली पानी की धारा) और रिफ्लेक्सोलॉजी पथ वाले बरगद गार्डन को भी देख सकेंगे.
क्या-क्या ले जा सकते हैं?
विजिटर्स को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स या हैंडबैग, पानी की बोतलें और छोटे बच्चों के लिए दूध की बोतलें साथ ले जाने की इजाजत है.
राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन म्यूजियम भी कर सकते हैं विजिट
अमृत उद्यान के अलावा, लोग मंगलवार से रविवार तक राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन म्यूजियम भी जा सकते हैं और हर शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में 'चेंज-ऑफ-गार्ड' सेरेमनी देख सकते हैं.
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ से करें ज्योतिर्लिंग दर्शन की यात्रा, IRCTC लेकर आया 4 दिन का खास टूर पैकेज, जानें डिटेल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं