आधार कार्ड में नाम गलत होना कोई बड़ी बात नहीं है. कई लोगों के साथ ऐसा होता है और अच्छी बात यह है कि UIDAI नाम सुधारने का एक नहीं बल्कि दो 2 मौका भी देता है. लेकिन कई बार दो बार अपडेट कराने के बाद भी गलती रह जाती है या फिर किसी जरूरी वजह से दोबारा नाम बदलने की जरूरत पड़ जाती है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि जब नाम अपडेट करने की लिमिट सिर्फ 2 बार है, तो तीसरी बार इसे ठीक कैसे किया जा सकता है? अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है.
आज हम आपको आसान भाषा में बताएंगे कि 2 बार की लिमिट पूरी होने के बाद भी किन परिस्थितियों में और किस तरीके से आधार में तीसरी बार नाम अपडेट कराया जा सकता है.
आधार में नाम कितनी बार बदल सकते हैं?
UIDAI के नियमों के मुताबिक, आधार कार्ड में नाम सामान्य नियमों के तहत अधिकतम 2 बार ही अपडेट कराया जा सकता है. इसलिए जब भी नाम बदलवाएं, पहले सभी जानकारी अच्छी तरह चेक कर लें ताकि बाद में दोबारा बदलाव की जरूरत न पड़े.
2 बार की लिमिट पूरी हो गई तो क्या करें?
अगर आपने पहले ही दो बार नाम अपडेट करा लिया है और अब फिर से नाम सही कराना जरूरी है, तो इसका भी ऑप्शन मिलता है. ऐसे मामलों में UIDAI की Exception Update प्रोसेस के जरिए आवेदन किया जा सकता है. हालांकि यह सुविधा सिर्फ जरूरी और वैलिड कारण होने पर ही दी जाती है.
तीसरी बार नाम अपडेट कराने का तरीका क्या है?
अगर आपको तीसरी बार आधार में नाम करेक्शन कराना है, तो सबसे पहले अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र जाएं. वहां अपने नए नाम से जुड़े Valid Proof of Name डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाएं और नाम अपडेट के लिए आवेदन करें.
अगर आपका आवेदन सामान्य प्रक्रिया में स्वीकार नहीं होता, तो आगे UIDAI के Exception Update प्रोसेस के तहत मामला देखा जा सकता है.
आवेदन रिजेक्ट हो जाए तो क्या करें?
अगर आधार सेवा केंद्र पर आपका आवेदन रिजेक्ट हो जाता है, तो आप सीधे UIDAI से संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए 1947 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या help@uidai.gov.in पर ईमेल भेजकर अपनी समस्या बताएं.
ईमेल या शिकायत में कौन-कौन सी जानकारी दें?
UIDAI को शिकायत या ईमेल भेजते समय कुछ जरूरी जानकारी जरूर दें, ताकि आपके मामले की सही तरीके से जांच हो सके.
- आधार अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN)
- आपका मोबाइल नंबर
- संपर्क के लिए जरूरी अन्य जानकारी
- नाम बदलने की सही वजह
इन जानकारियों के आधार पर UIDAI आपके केस को रिव्यू करेगा. अगर कारण और डॉक्यूमेंट्स सही पाए जाते हैं, तो जरूरत पड़ने पर Exception Update के तहत आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
नाम अपडेट कराने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आधार में नाम अपडेट कराने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. बिना जरूरत बार-बार नाम बदलने की कोशिश न करें. हमेशा सही और वैलिड डॉक्यूमेंट्स ही जमा करें.
आवेदन फॉर्म भरते समय सभी जानकारी ध्यान से लिखें और अपडेट रिक्वेस्ट नंबर (URN) को संभालकर रखें, क्योंकि आगे जरूरत पड़ने पर इसकी आवश्यकता हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं