हाल ही में एक वेब-सीरीज प्रीतम और पेड्रो काफी चर्चा में रही है. साइबर क्राइम पर बनी इस वेब-सीरीज को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इस सीरीज में आपने देखा होगा एक गेम की वजह से मंत्री का बेटा घर से गायब होकर कहीं छिप जाता है. अब ऐसा ही एक गेम फिर से चर्चा में आ गया है. रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ के हस्तिनापुर में YouTube पर गेमिंग वीडियो देखने के बाद 11 और 7 साल के दो बच्चे घर से 24 घंटे के लिए गायब होने के लिए भाग गए. बच्चों ने 24 घंटे तक एक खुफिया जगह में छिपने की प्लानिंग की थी.
YouTube पर वीडियो देख दिया अपने आपको टास्क
हालांकि, पुलिस ने करीब दो घंटे की तलाश के बाद दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया. अचानक दोनों के घर से गायब होने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की. जब बच्चों का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई. स्थानीय पुलिस के अनुसार, बच्चों ने YouTube पर गेमिंग से जुड़ा वीडियो देखा था. वीडियो से प्रभावित होकर उन्होंने खुद भी वैसी ही चुनौती देने का फैसला किया.
STORY | 2 children secretly leave home after watching 24-hr hiding challenge on YouTube
— Press Trust of India (@PTI_News) August 24, 2026
Two children, aged 11 and 7, left their home in Hastinapur, Meerut, after watching a 'Secret House' game video on YouTube. Inspired by it, they set up a base in a secluded spot near a… pic.twitter.com/W7MDeD7Pcr
दोनों बच्चों ने एक फार्महाउस के पास सुनसान जगह पर अपना अस्थायी ठिकाना बनाया था. उनका प्लान वहां छिपकर 24 घंटे बिताने का था.
वीडियो में दिखाए गए खेल में प्रतिभागी एक छिपा हुआ ठिकाना बनाते हैं और कुछ नियमों का पालन करते हुए 24 घंटे तक वहां छिपे रहते हैं. बच्चों ने भी इसी चुनौती को अपने तरीके से दोहराने की कोशिश की.
ऑनलाइन गेम में मिलने वाले टास्क से करें सावधान
YouTube पर बच्चों ने “Secret House” गेमिंग वीडियो देखा था. ऐसे में फिर से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. खासतौर पर ऑनलाइन गेम में मिलने वाले टास्क को पूरा करने के लिए बच्चे किसी भी हद तक जाने लगते हैं. अगर आपके भी घर में छोटे बच्चे हैं तो आपको इसको लेकर सावधान हो जाने की जरूरत है. ऐसे गेम की वजह से बच्चे किसी भी कदम को उठाने से पहले सोच नहीं पाते हैं और इसकी वजह से बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है.
हाल की एक और रिपोर्ट आपको याद दिला दें कि गाजियाबाद में कोरियन लवर गेम के प्रभाव में आकर तीन बहनों ने अपनी जान दे दी थी. इस गेम में भी इस तरह के टास्क दिए जाते थे. थोड़ा और पीछे जाए तो ब्लू व्हेल गेम चैलेंज की काफी चर्चा हुई थी. जिसमें बच्चों को टारगेट कर उसको टास्क दिए जाते थे. आखिरी टास्क खुद को खत्म करने का होता था. ऐसे में मेरठ की इस घटना ने फिर से लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
हालांकि, मेरठ वाले केस में ये साफ है कि बच्चे किसी गेम को नहीं खेल रहे थे. बल्कि वे किसी गेम स्ट्रीमर के वीडियो को देखकर उस तरह के ही टास्क करने लगे. हो सकता है कि गेम स्ट्रीमर किसी ऐसे गेम को खेल रहा हो या खुद से ही उसने ऐसा कोई टास्क किया हो. बच्चे नासमझी की वजह से उसको फॉलो करने लगे. ऐसे में जरूरी है आप अपने बच्चे की ऑनलाइन एक्टिविटी पर जरूर नजर रखें.
ये भी पढ़ें- आपने किन वेबसाइट को किया ओपन? Wi-Fi राउटर से चल सकता है पता, जानें तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं