भारत के तीन बड़े स्मार्टफोन ब्रांड्स Nothing, Vivo और Realme ने चुपचाप अपने कई पॉपुलर स्मार्टफोन्स की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. यह बढ़ोतरी कोई छोटी-मोटी नहीं, बल्कि पूरे 7,000 रुपये तक की है. आइए जानते हैं कि कंपनियां ऐसा क्यों कर रही हैं और कौन-कौन से फोन अब आपके बजट से बाहर होने वाले हैं.
क्यों अचानक महंगे हुए स्मार्टफोन?
स्मार्टफोन की कीमतों में इस अचानक बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह रैम यानी मेमोरी चिप की भारी किल्लत है. आजकल AI कंपनियों की ओर से मेमोरी की डिमांड बहुत ज्यादा बढ़ गई है. इस वजह से टेक कंपनियों को रैम खरीदने के लिए पहले के मुकाबले कई गुना ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है. Nothing कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल की शुरुआत की तुलना में मेमोरी की कीमतें 8 गुना तक बढ़ चुकी हैं. यही कारण है कि कंपनियों को मजबूरी में फोन के दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं. हाल ही में Apple ने भी अपने मैकबुक और आईपैड के दाम बढ़ाए थे.
Vivo ने 9 मॉडल्स के बढ़ाए दाम
इस प्राइस हाइक का सबसे बड़ा असर Vivo के स्मार्टफोन्स पर देखने को मिला है. कंपनी ने बजट सीरीज से लेकर फ्लैगशिप सीरीज तक के कुल 9 स्मार्टफोन्स महंगे कर दिए हैं. सबसे बड़ी बढ़ोतरी 'Vivo X300 FE' मॉडल में हुई है, जिसका दाम सीधे 7,000 रुपये बढ़ गया है. इसका 12GB/256GB वेरिएंट जो पहले 79,999 रुपये का था, अब 86,999 रुपये में मिलेगा. इसके अलावा Vivo के V70 FE, T5x, T4 Lite और Y सीरीज के बजट फोन भी 2,000 से 5,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं.
OpenAI का पहला असली प्रोडक्ट है यह छोटा-सा डिवाइस, सामने आया फर्स्ट लुक और रिलीज डेट
Nothing Phone 4a सीरीज भी हुई महंगी
Nothing कंपनी ने भी अपनी 'Nothing Phone 4a' सीरीज की कीमतों में 4,000 रुपये तक का इजाफा किया है. अब 'Nothing Phone 4a' का बेस वेरिएंट (8GB/128GB) 39,999 रुपये का हो गया है, जो पहले 37,999 रुपये में मिल रहा था. यह फोन 31,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था. इसी तरह इसके प्रो मॉडल यानी 'Nothing Phone 4a Pro' के टॉप वेरिएंट (12GB/256GB) की कीमत भी 4,000 रुपये बढ़कर अब 59,999 रुपये हो गई है.
Realme के मोबाइल कुछ महंगे, कुछ सस्ते
Realme ने अपनी रणनीति में थोड़ा सा बदलाव किया है. कंपनी ने अपने कुछ फोन महंगे किए हैं तो एक मॉडल की कीमत कम भी की है. 'Realme 16 Pro Plus' का दाम 3,000 रुपये बढ़ गया है और अब इसकी शुरुआती कीमत 49,999 रुपये हो गई है. वहीं, रेगुलर 'Realme 16' का दाम भी 1,000 रुपये बढ़ाया गया है. लेकिन राहत की बात यह है कि कंपनी ने 'Realme 16 Pro' मॉडल की कीमत में 2,000 से 3,000 रुपये तक की कटौती की है. अब इसका बेस वेरिएंट 39,999 रुपये की जगह 37,999 रुपये में उपलब्ध है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं