भारतीय कंज्यूमर टेक्नोलॉजी बाजार में अपनी बेहतरीन ऑडियो एक्सेसरीज के लिए मशहूर स्वदेशी ब्रांड Mivi ने स्मार्टफोन बाजार में अपना पहला कदम रख दिया है. कंपनी ने भारत में अपना पहला और स्वदेशी 5G स्मार्टफोन Mivi One 5G आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने बताया है कि इस बजट-फ्रेंडली स्मार्टफोन को पूरी तरह से भारत में मैन्युफैक्चर किया गया है. ये फोन दमदार Qualcomm Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर, एंड्रॉयड 16 ऑपरेटिंग सिस्टम और बेहद पावरफुल 6,000mAh की बैटरी के साथ आता है.
Mivi One 5G की कीमत और सेल ऑफर्स
भारतीय बाजार में Mivi One 5G को तीन अलग-अलग रैम और स्टोरेज वेरिएंट्स में पेश किया गया है. इसकी पहली सेल 8 अक्टूबर को Flipkart पर शुरू होगी. इसके बेस वेरिएंट में 4GB रैम के साथ 128GB स्टोरेज दिया गया है. इसकी कीमत 14,999 रुपये रखी गई है. जबकि 6GB रैम के साथ 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमच 15,999 रुपये है. इसके टॉप मॉडल में 8GB रैम के साथ 128GB स्टोरेज दिया गया है. इसकी कीमत 16,999 रुपये रखी गई है.
Mivi One 5G को Flipkart Big Billion Days स्पेशल डील के साथ काफी सस्ते में खरीदा जा सकता है. सेल के दौरान इसके बेस वेरिएंट को 11,999 रुपये में खरीदा जा सकता है. जबकि इसके टॉप वेरिएंट को 13,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है. 6GB रैम वाला वेरिएंट 12,999 रुपये में उपलब्ध होगा.
Because owning a Mivi One 5G shouldn't come with the hassle.#MiviOne5G pic.twitter.com/kPVhOGjjMG
— Mivi (@MiviOfficial) September 18, 2026
Jio कस्टमर्स के लिए स्पेशल बेनिफिट्स
यदि आप Jio के ग्राहक हैं और इस फोन को खरीदते हैं, तो कंपनी आपको हजारों रुपये के प्रीमियम डिजिटल सब्सक्रिप्शन्स बिल्कुल मुफ्त दे रही है. इसके साथ 1 साल के लिए ग्राफिक डिजाइनिंग टूल कैनवा प्रो का सब्सक्रिप्शन बिल्कुल फ्री मिलेगा. इसकी कीमत 4 हजार रुपये बताई जा रही है. साथ ही 1 महीने के लिए 'Hotstar Mobile + Hollywood' का फ्री सब्सक्रिप्शन मिलेगा. कंपनी Google Gemini Pro का 18 महीनों का सब्सक्रिप्शन भी दे रही है. इन सबके के अलावा Jio AI Cloud का 50GB का स्टोरेज भी मिलेगा.
Mivi Care+ और वारंटी
नया ब्रांड होने के बावजूद Mivi ने ग्राहकों के भरोसे को जीतने के लिए अपनी कस्टमाइज्ड सर्विस का बेहतरीन खाका खींचा है. कंपनी इस फोन पर 1 साल की ब्रांड वारंटी दे रही है. इसके अलावा, Mivi का आफ्टर-सेल्स नेटवर्क देश भर में 500 से अधिक अधिकृत सर्विस सेंटर्स को कवर करता है, और सबसे खास बात यह है कि कंपनी देश के 19,000 से अधिक पिन कोड्स पर बिल्कुल मुफ्त 'होम पिक-अप और ड्रॉप' सर्विस दे रही है. यानी फोन में खराबी आने पर आपको घर से बाहर जाने की भी जरूरत नहीं होगी.
Mivi One 5G के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Mivi One 5G Pure Android 16 पर चलता है. कंपनी ने इसके साथ Android 18 तक सॉफ्टवेयर अपडेट्स देने का वादा किया है. इसमें 2.5D कर्व्ड प्रोटेक्टिव कवर ग्लास के साथ 6.745-इंच की HD+ डिस्प्ले दी गई है. ये स्क्रॉलिंग को स्मूथ बनाने के लिए 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है. ये स्मार्टफोन 4nm फैब्रिकेशन पर बने पावरफुल Qualcomm Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर पर काम करता है. बजट सेगमेंट का होने के बावजूद ये फोन गेमिंग के समय लगभग 4,90,000 का बेहतरीन AnTuTu स्कोर हासिल करने का दावा करता है.
फोटो और वीडियो के लिए इसके बैक पैनल पर 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और एक सेकेंडरी कैमरा दिया गया है. सेल्फी और वीडियो चैट के लिए फ्रंट में 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा शामिल है. इसमें कंपनी का इन-हाउस Mivi Neural Voice Engine दिया गया है. ये फीचर फोन कॉल के दौरान बैकग्राउंड में होने वाले शोर-शराबे जैसे कि ट्रैफिक की आवाज, तेज हवा, आसपास के लोगों की बातें और बज रहे म्यूजिक को पूरी तरह फिल्टर करके आपकी आवाज को सामने वाले तक क्रिस्टल क्लियर पहुंचाता है.
इस फोन में 6,000mAh की विशाल बैटरी दी गई है, जो 18W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इसकी मोटाई केवल 9.15mm है और इसका कुल वजन 210 ग्राम है. धूल और पानी से सुरक्षा के लिए इसे IP64 की मजबूत रेटिंग दी गई है. ये फोन ब्लू, बरगंडी, पिंक, ग्रीन और नेवी ब्लू जैसे पांच बेहद खूबसूरत रंगों में उपलब्ध होगा.
ये भी पढ़ें- iPhone 17 Pro की कीमत धड़ाम! 56,990 रुपये में उपलब्ध, फ्लिपकार्ट-अमेजन नहीं, यहां मिल रही डील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं