- एनसीआर के फरीदाबाद में हिट एंड रन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं.
- फरीदाबाद में हिट एंड रन में Meta अधिकारी के पिता की मौत हुई थी.
- परिजनों का आरोप है कि सबूत मिलने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.
फरीदाबाद में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. तेज रफ्तार कार की टक्कर से Meta फेसबुक में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम करने वाले अमित झावर के पिता लक्ष्मी नारायण झावर की मौत हो गई. हादसा 27 अगस्त की रात करीब 8 बजकर 35 मिनट के पास हुई थी. घटना के बाद खुद पीड़ित अधिकारी ने पुलिस को सीसीटीवी उपलब्ध कराए. जिसमें कार उनके पिता को टक्कर मारती दिख रही है. लेकिन इसके बाद भी अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. ऐसे में अधिकारी ने फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. फरीदाबाद में पिछले कुछ दिनों में हिट एंड रन के मामले बढ़े हैं.
फरीदाबाद पुलिस ने दर्ज की FIR
फरीदाबाद पुलिस की FIR के मुताबिक लक्ष्मी नारायण झावर मंदिर से दर्शन कर पैदल अपने घर लौट रहे थे. घर से करीब 100 मीटर पहले अनखीर गोल चक्कर की तरफ से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार उनके ऊपर से गुजर गई. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. इस मामले में मृतक की बेटी ज्योति की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में FIR दर्ज की गई थी. घटना से जुड़े CCTV और डैशबोर्ड कैमरे के विजुअल सामने आए हैं, विजुअल में कार लक्ष्मी नारायण झावर को टक्कर मारती और उनके ऊपर से गुजरती दिखाई दे रही है. परिवार का आरोप है कि CCTV फुटेज उन्होंने खुद पुलिस को उपलब्ध कराया था.
फरीदाबाद पुलिस पर धीमी कार्रवाई का आरोप
मृतक के बेटे अमित झावर ने फरीदाबाद पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं, अमित का आरोप है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी चल रही है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. अमित का कहना है कि उनके पिता को जिस कार ने टक्कर मारी, उसकी रफ्तार काफी तेज थी. उनका आरोप है कि इतनी तेज रफ्तार की वजह से उनके पिता खुद को बचा नहीं सके. अमित ने मामले की गहराई से जांच करने और जो भी जिम्मेदार हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
फरीदाबाद में 25 हजार सीसीटीवी है
अमित झावर ने पुलिस से यह भी पता लगाने की मांग की है कि घटना के वक्त कार में कौन-कौन मौजूद था. उनका कहना है कि फरीदाबाद में करीब 25 हजार स्मार्ट कैमरे हैं और इनकी मदद से कार में मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई जा सकती है. अमित ने कार चालक की पहचान और उसकी भूमिका की भी जांच की मांग की है. साथ ही यह पता लगाने की मांग की है कि घटना के वक्त चालक फोन पर था या नशे में था. अमित ने यह सवाल भी उठाया है कि FIR में लगी धाराएं मामले के सभी तथ्यों के लिए पर्याप्त हैं या नहीं और क्या जांच के आधार पर अन्य धाराएं भी बनती हैं.
ये वीडियो भी देखिए
NDTV ने इस मामले में फरीदाबाद पुलिस से जानकारी ली है. पुलिस के मुताबिक 28 अगस्त को FIR दर्ज की गई थी. इसमें BNS की धारा 106 और 281 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक मेवला महाराजपुर निवासी बृजेश को 3 सितंबर को जांच में शामिल होने और पूछताछ के लिए बुलाया गया था. हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस के मुताबिक गाड़ी जब्त कर ली गई है और CCTV फुटेज समेत अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित परिवार मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है. परिवार का सवाल है कि हिट एंड रन के इस मामले में अभी तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और घटना से जुड़े सभी कैमरों की फुटेज की जांच क्यों नहीं की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः यूपी में वाहन चालान का सिस्टम बदला, 30 दिन में खुद हो जाएगा समाप्त, सीधे कोर्ट में नहीं होगी अपील
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं