बारिश के बाद कमरा चिपचिपा लगने लगता है, तो ज्यादातर लोग बिना सोचे-समझे एसी का टेंपरेचर घटाकर Cool Mode चालू कर देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा करने से कमरा ठंडा तो हो जाता है, पर चिपचिपाहट वहीं की वहीं रहती है और बिजली का बिल भी फालतू में बढ़ता है! आपके AC के रिमोट में एक ऐसा बटन छुपा है जो खास इसी मौसम के लिए बना है. आइए जानते हैं मानसून में एसी इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है.
'Dry Mode' करें ऑन
AC के रिमोट पर एक छोटी-सी पानी की बूंद का आइकॉन बना होता है. यह मोड एक डीह्यूमिडिफायर की तरह काम करता है. यह कमरे के तापमान को ज्यादा गिराए बिना हवा से सारी नमी खींच लेता है. इससे हवा हल्की हो जाती है और चिपचिपाहट तुरंत गायब हो जाती है. इसमें कंप्रेसर कम बिजली खपत करता है, इसलिए आपका बिजली बिल भी काफी बचता है.

ड्राय मोड को कितनी देर चलाना चाहिए?
ड्राय मोड को पूरा दिन या पूरी रात लगातार चलाने की जरूरत नहीं होती. इसे सिर्फ 1 से 2 घंटे के लिए चलाना ही काफी होता है. यदि आप इसे लगातार चलाकर रखेंगे, तो कमरा बहुत ज्यादा ड्राय हो जाएगा, जिससे त्वचा में सूखापन, गले में खराश या खांसी की समस्या हो सकती है. कमरे की उमस खत्म होते ही आप AC को बंद कर सकते हैं या नॉर्मल मोड पर डाल सकते हैं.
ड्राई मोड का इस्तेमाल करते वक्त रखें इन बातों का ध्यान
जब भी ड्राई मोड चलाएं, कमरे के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह बंद रखें, ताकि बाहर की नम हवा अंदर न आ सके. मानसून में कमरे के अंदर गीले कपड़े सुखाने से हवा में नमी और बढ़ जाती है, जिससे AC को दोगुना काम करना पड़ता है.
कार पानी में बही या गिड़ गया पेड़? जानें कब कंपनी देगी पूरा पैसा और कब करेगी क्लेम रिजेक्ट
आप कमरे में नमी मापने के लिए एक छोटा हाइग्रोमीटर रख सकते हैं. कमरे में 40 से 60 प्रतिशत के बीच की नमी सबसे आरामदायक मानी जाती है.
फफूंदी और सीलन से भी मिलेगी राहत
सही तरीके से ड्राय मोड का इस्तेमाल करने से न सिर्फ आपको आरामदायक नींद मिलती है, बल्कि यह आपके घर की दीवारों और फर्नीचर को फफूंदी और सीलन की बदबू से भी बचाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं