आज के समय में अपना Gmail पासवर्ड भूल जाएं या अकाउंट लॉक हो जाए, तो बड़ी परेशानी हो जाती है. इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए गूगल ने एक नया और मॉडर्न 'Selfie Video' फीचर पेश किया है. इस फीचर की मदद से आप अपने चेहरे का वीडियो बनाकर अपने गूगल अकाउंट की सुरक्षा बढ़ा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर आसानी से अकाउंट रिकवर कर सकते हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह नया फीचर कैसे काम करता है और इसे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से कैसे सेट किया जा सकता है.
गूगल का नया सेल्फी वीडियो फीचर क्या है?
गूगल ने यूजर्स की अकाउंट रिकवरी को आसान बनाने के लिए सेल्फी वीडियो फीचर पेश किया है. जब भी आप अपना पासवर्ड भूल जाते हैं, तो गूगल आपसे एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड करने को कहेगा. यह वीडियो आपके सेव किए गए सेल्फी वीडियो से मैच किया जाएगा. मैच होते ही आपका अकाउंट तुरंत खुल जाएगा. यह तरीका पारंपरिक ओटीपी या पासवर्ड से कहीं ज्यादा सुरक्षित और सटीक माना जा रहा है.
फ्लाइट में क्यों ऑन कराया जाता है 'flight mode'? पायलट और एटीसी से जुड़ा है बड़ा कनेक्शन
गूगल अकाउंट में सेल्फी वीडियो कैसे सेट करें?
इस फीचर को सेट करना बेहद आसान है, लेकिन ध्यान रहे कि इसे आप तभी सेट कर सकते हैं जब आपका अकाउंट लॉग-इन हो.
सबसे पहले अपने फोन या कंप्यूटर पर Google Account खोलें.
इसके बाद Security & sign-in सेक्शन में जाएं.
यहां How you sign in to Google के तहत Selfie video का विकल्प चुनें.
अब स्क्रीन पर दिख रहे निर्देशों का पालन करें और अपने कैमरे के सामने अपना चेहरा रखकर वीडियो रिकॉर्ड करें.
प्रक्रिया पूरी होते ही आपका सेल्फी वीडियो आपके गूगल अकाउंट से लिंक हो जाएगा.
यदि आपके पीसी में वेबकैम नहीं है, तो गूगल आपको एक QR कोड दिखाएगा जिसे मोबाइल से स्कैन करके आप यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
वीडियो रिकॉर्ड करते समय ध्यान रखने योग्य बातें
एक बेहतर और सटीक वेरिफिकेशन के लिए गूगल ने कुछ जरूरी नियम बनाए हैं.
रिकॉर्डिंग के दौरान आपकी आंखें, नाक और मुंह पूरी तरह साफ दिखने चाहिए.
अपना चश्मा, मास्क या हैट जैसी चीजें पहले ही उतार दें.
बैकग्राउंड में कोई दूसरा व्यक्ति या चेहरे की तस्वीर नहीं होनी चाहिए.
आपके फोन में इंटरनेट कनेक्टिविटी चालू होनी चाहिए और ब्राउजर को कैमरे का एक्सेस मिलना चाहिए.
यह फीचर किन लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है?
गूगल इस फीचर को धीरे-धीरे दुनिया भर के यूजर्स के लिए रोलआउट कर रहा है. फिलहाल यह फीचर Google Workspace अकाउंट्स, बच्चों के चिल्ड्रेन अकाउंट्स और Advanced Protection Program में शामिल अकाउंट्स के लिए उपलब्ध नहीं है.
क्या आप अपना सेल्फी वीडियो डिलीट कर सकते हैं?
जी हां, अगर आप अपना सेल्फी वीडियो हटाना चाहते हैं तो Google Account सेटिंग्स में जाकर Selfie video पेज से इसे कभी भी डिलीट कर सकते हैं. हालांकि, डिलीट करने के बाद आप इस माध्यम से अकाउंट रिकवर नहीं कर पाएंगे. इसके अलावा अगर समय के साथ आपके चेहरे के लुक में बड़ा बदलाव आता है, तो गूगल नया सेल्फी वीडियो अपडेट करने की सलाह देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं